वाराणसी में मनोज सिन्हा के करीबी की गोली मार कर हत्या

अनुपम राज
वाराणसी। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रो में से एक चेतगंज थानाक्षेत्र के जगतगंज इलाके में प्रदीप होटल के समीप गुरुवार देर शाम अज्ञात बदमाशों द्वारा एक व्यक्ति को गोली मार देने की घटना प्रकाश में आई। घटना के बाद प्रशासन में हडकंप मच गया वही क्षेत्रीय नागरिक गोली से घायल व्यक्ति को अस्पताल लेकर पहुचे जहा इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक मोदी सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री मनोज सिन्हा के रिश्तेदार थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार सतीश राय गाजीपुर के रेवतीपुर निवासी हैं व केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के रिश्तेदार हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक सतीश राय के भाई बीएचयू में प्रोफेसर हैं और पूरा परिवार काफी सम्मानित है। लोगों की मानें तो मृतक काफी शांतचित् व्यक्ति थे, जिनसे किसी का पुराना विवाद हो ऐसी आशंका नहीं है। घटना के बाद वाराणसी के एसएसपी आनंद कुलकर्णी भी सिंह मेडिकल पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए एसएसपी ने बताया कि घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। परिवार के लोगों से बातचीत की जाएगी, जिससे घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस के अनुसार गोली साइलेंसर से चली या कैसे इसके बारे में भी पड़ताल जारी है। इस मामले में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। एसएसपी के अनुसार जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।











