उन्नाव केस – बुआ-भतीजी के हत्या का आरोपी विनय “लम्बू” अपने नाबालिग साथी संग गिरफ्तार, एकतरफा प्यार बना घटना का कारण, जिसे मारना चाहता था वह बच गई

आदिल अहमद
कानपुर। उत्तर प्रदेश में उन्नाव के बबुरहा गांव में हुई घटना का शुक्रवार देर शाम आईजी लक्ष्मी सिंह ने खुलासा कर दिया। आरोपी कोई और नहीं पड़ोस के गांव का युवक निकला। अस्पताल में भर्ती रोशनी से एकतरफा प्रेम का इजहार करने और उसके मना करने की खुन्नस पर आरोपी ने गांव के ही एक नाबालिग साथी की मदद से पहले खेत जाकर नमकीन खिलाया, फिर जहरीला पानी पिला दिया।

पुलिस के अनुसार, विनय की लॉकडाउन के दौरान रोशनी से दोस्ती हो गई थी जो कानपुर में भर्ती है।विनय रोशनी से खेतों में मिलता था और बातचीत के साथ वो एकसाथ खाते पीते। विनय ने रोशनी से शादी करने को कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया। रोशनी ने उसे अपना मोबाइल नंबर भी नहीं दिया। इससे विनय नाराज़ हो गया, लेकिन उनका मिलना जुलना जारी रहा।
पुलिस के मुताबिक, विनय ने रोशनी को मारने के लिए पानी की दो बोतलों में पेस्टिसाइड मिलाया और उन्हें लेकर उस खेत में पहुंचा, जहां तीनों लड़कियां चारा काटने गई थीं। उसने रोशनी को एक बोतल पानी दिया, तो दूसरी लड़की ने दूसरी बोतल का पानी पी लिया। तीसरी लड़की ने बोतल छीन कर पानी पिया। इनमें से दो लड़कियों की मौत हो गई। रोशनी कानपुर में भर्ती है।











