राहत:यूपी बोर्ड ने बढ़ाई परीक्षा के लिए आवेदन फार्म भरने की तारीख

तारिक खान
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने परीक्षा 2022 के लिए आनलाइन आवेदन फार्म भरने की तारीख बढ़ा दी है। 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थी अब छह अक्टूबर तक बोर्ड परीक्षा के लिए फार्म भर सकेंगे। पहले यह तारीख 22 सितंबर थी। इसी के साथ कक्षा नौ और 11 में छात्र-छात्राओं के पंजीकरण किए जाने की तारीख छह अक्टूबर से बढ़ाकर 16 अक्टूबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक कर दी गई है।

इसके साथ ही कोषागार में जमा शुल्क की सूचना और छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तिथि को छह अक्टूबर से बढ़ाकर 16 अक्टूबर की मध्यरात्रि तक कर दिया गया है। इसके अलावा 100 रुपया प्रति छात्र विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म व शुल्क सात अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक जमा किए जा सकेंगे।











