अमित शाह के वाराणसी दौरे पर तैयार हुआ भाजपा के पूर्वांचल में चुनावी रण हेतु नई प्रचार प्रणाली, राष्ट्रवाद और माफियाओं पर कार्यवाही बनेगी चुनावी मुद्दा
ए0 जावेद
वाराणसी: पूर्वांचल में भाजपा चुनावी रणनीति में थोडा फेर बदल के साथ मैदान में आएगी। आज इसका पूरा खाका गृह मंत्री अमित शाह के वाराणसी दौरे के दरमियान हुई बैठक में तैयार हुआ। मैनपुरी के करहल से चुनाव लड़ रहे सपा मुखिया अखिलेश यादव के लोकसभा क्षेत्र आजमगढ़ में मतदान से पहले माफियाओं पर हुई कार्रवाई को लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी। इसमें अहमदाबाद के सीरियल ब्लास्ट के दोषी आजमगढ़ निवासी आतंकी परिवार के सपा कनेक्शन को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।

इस चुनाव अभियान में अब प्रधानमंत्री भी प्रदेश में डेरा डालेंगे। अभी तो वह अलग-अलग जिलों में जनसभाएं करने आ रहे हैं, लेकिन छठवें और सातवें चरण के लिए वह तीन दिन तक काशी प्रवास करेंगे। वहीं से चुनाव अभियान की निगरानी के साथ ही खुद पूर्वांचल को मथेंगे। मुख्यमंत्री भी गोरखपुर पहुंचकर मोर्चे पर डटेंगे। छठवें और सातवें चरण के मतदान में 11 सीटों पर भाजपा रैली व रोड शो के जरिए माहौल बनाएगी। इसमें प्रत्येक विधानसभा में अलग-अलग नेताओं की ओर से हर दिन दो से तीन रैली व रोड शो आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान तीन चरणों के मतदान का फीडबैक भी साझा किया गया और बताया गया कि पूर्वांचल में माफियाओं के आतंक से पीड़ित लोगों को सामने लाकर मुद्दा बनाया जाए।











