काग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने 6 ग्राफ शेयर कर भारत के अर्थव्यवस्था की तुलना किया श्रीलंका से, कहा “लोगों का ध्यान भटकाने से तथ्य नहीं बदलेंगे, भारत काफी हद तक श्रीलंका जैसा दिखता है”

संजय ठाकुर
डेस्क: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर एक ट्वीट के माध्यम से केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला किया है। एक ग्राफ के माध्यम सरकार पर हमला बोलते हुए भारत की तुलना संकटग्रस्त श्रीलंका से की है। इस ग्राफ में बेरोजगारी, ईंधन की कीमतों और सांप्रदायिक हिंसा में दोनों देशों का ग्राफ लगभग एक जैसा नजर आ रहा है।
Distracting people won’t change the facts. India looks a lot like Sri Lanka. pic.twitter.com/q1dptUyZvM
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 18, 2022
अपने पोस्ट में राहुल ने छह ग्राफिक्स शेयर किए है। जिसमें तीन भारत और तीन श्रीलंका के हैं। उन्होंने लिखा, ‘लोगों का ध्यान भटकाने से तथ्य नहीं बदलेंगे। भारत काफी हद तक श्रीलंका जैसा दिखता है। ग्राफ में दोनों देशों की 2017 से बेरोजगारी को दिखाया गया है जो 2020 में चरम पर थी। यही वह वर्ष था जब भारत ने कोरोनावायरस महामारी के चलते लॉकडाउन लागू किया था।

गौरतलब हो कि हमारा पड़ोसी मुल्क श्रीलंका इस समय अभूतपूर्व आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। देश में इस समय खाद्य सामग्री, बिजली और ईंधन की भारी कमी है। आर्थिक कु्प्रबंधन और कोरोना लॉकडाउन के कारण पर्यटन उद्योग के ठप पड़ने के कारण ऐसी स्थिति निर्मित हुई है। हालात इतने खराब हैं कि श्रीलंका सरकार ने बुधवार को कहा कि उसके समुद्री किनारे पर लगभग दो महीने से पेट्रोल से लदा जहाज खड़ा है, लेकिन इसका भुगतान करने के लिए उसके पास विदेशी मुद्रा नहीं है। श्रीलंका ने अपने नागरिकों से अपील किया है कि वे इस ईंधन के लिए ‘कतार में खड़े होकर इंतजार नहीं करें।”











