अशोक गहलोत ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले भाजपा में चुनाव नहीं होते, उसके नेता सिर्फ “लोकतंत्र का मुखौटा” पहनते हैं

तारिक़ खान
डेस्क: अशोक गहलोत ने भाजपा पर जमकर हमलावर होते हुए निशाना साधा। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र को लेकर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में चुनाव नहीं होते, क्योंकि उसके नेता “फासीवादी” हैं जो केवल “लोकतंत्र का मुखौटा” पहनते हैं। रविवार को यहां रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कांग्रेस की ‘‘महंगाई पर हल्ला बोल” रैली में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे गहलोत ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “राजनाथ सिंह कब भाजपा के अध्यक्ष बनते हैं और कब पद छोड़ते हैं, अमित शाह कब अध्यक्ष बनते हैं और कब पद से हटते हैं और जेपी नड्डा कब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं, इसकी चर्चा नहीं होती।” गहलोत ने आरोप लगाया, “भाजपा के लोग फासीवादी हैं, वह केवल लोकतंत्र का मुखौटा पहनते हैं। बाकी इन लोगों को लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है।”











