बांस के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

मो0 कुमैल
कानपुर: कानपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बांस के पेड़ से युवक का शव लटकता मिलने से इलाके में हडकंप मच गया है। घटना कानपुर में बिधनू के गुरु का पुरवा गांव का है जहाँ आज रविवार की सुबह संदिग्ध हालत में 23 वर्षीय युवक का शव बांस के पेड़ में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू की।

शराब पीने के बाद विशाल और अरविंद में विवाद हो गया था। जिसपर विशाल ने कंट्रोल रूम पर अरविंद की भाभी हेमा के फांसी लगाने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सूचना फर्जी होने पर दोनों को डांटकर घर से भगा दिया था। शाम को दोबारा नशे की हालत विशाल तमंचा लेकर घर पहुंच गया। जहां फिर से अरविंद से गाली गलौज हुई थी। अरविंद थोड़ी देर बाद आने की बात कहकर घर से निकल गया था। जिसके बाद वह रात भर घर नहीं लौटा। परिजनों ने विशाल पर हत्या करने का आरोप लगाया है। बिधनू थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।











