भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने संसद में बसपा सांसद दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर विशेषाधिकार कमेटी के समक्ष दुःख प्रकट किया

आदिल अहमद
डेस्क: बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने बीएसपी सांसद दानिश अली के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए लोकसभा की विशेषाधिकार कमेटी के समक्ष दुख प्रकट किया है। समिति ने इस मुद्दे पर दोनों ही नेताओं से अलग-अलग बातें की हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई ने स्रोतों के हवाले से कहा है कि बिधूड़ी ने कमेटी के समक्ष वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के इस मामले में दुख प्रकट करने को भी रेखांकित किया है।

इस घटना के बाद समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए दानिश अली ने कहा कि, ‘जब मेरे जैसे निर्वाचित हुए व्यक्ति की हालत आज देश में ये है तो एक आम आदमी की स्थिति क्या होगी। मुझे उम्मीद है कि मेरे साथ न्याय होगा। स्पीकर साहब कार्रवाई करेंगे। नहीं तो मैं भरे मन से इस सदन को छोड़ने पर भी विचार कर रहा हूं। ये एक सभ्य समाज में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। क्या हम इसलिए चुनकर आते हैं। क्या देश को आज़ादी इसलिए दिलवाई गई थी? जब हमारे प्रतिनिधि चुनकर जाएंगे तो क्या उनको ये सुनने को मिलेगा।’











