पहाड़ो पर हो रही बर्फ़बारी का शहर-ए-बनारस में दिख रहा है असर, अभी और बढेगा ठण्ड का कहर

मिस्बाह बनारसी
वाराणसी: पहाड़ो पर हो रही लगातार बर्फ़बारी का शहर-ए-बनारस में दमदार असर नज़र आ रहा है। कभी सर्द हवाओ का डेरा तो कभी ओंस की बूंदों का पहरा लगातार बनारसियो को कांपने में मजबूर कर दे रहा है। ठण्ड हवाओ से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे है मगर सर्द हवाए इन्हें भी बेअसर करती नज़र आ रही है। बढती ठण्ड से स्कूल भी बंद है। पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है।

वही बुधवार को अन्य दिनों की तुलना में दिन में गलन और ज्यादा थी। दोपहर में धूप हुई लेकिन उसका असर ना के बराबर रहा। शाम को भी पछुआ हवाएं चलती रहीं। बुधवार का अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम होकर 13.7 पहुंच गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो0 मनोज श्रीवास्तव के अनुसार नम हवाओं का असर अभी दो दिन तक बना रहेगा। तापमान में भी कमी के आसार हैं।











