कार पार्किंग को लेकर इतना बढ़ा विवाद कि भाजपा नेता को पूर्व सैनिक ने चप्पलो से धुना, घर में घुस कर भाजपा नेता और ड्राईवर को सोफे पर पटक कर पीटा, सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मामला

तारिक़ आज़मी
डेस्क: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक पूर्व फौजी ने बीजेपी नेता की चप्पलों से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं बीजेपी नेता के घर में घुसकर उनके ड्राइवर को भी पीटा गया। मारपीट की यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ितों की ओर से स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है और पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

यह विवाद इतना बढ़ा की मारपीट की नौबत आ गई। रविवार रात राजा भैया गुर्जर का ड्राइवर शैलेन्द्र गुर्जर घर के सामने अपनी कार खड़ी कर रहा था। वहां पूर्व फौजी शैलेन्द्र सिंह तोमर भी अपनी कार लेकर खड़े थे। जब ड्राइवर शैलेन्द्र गुर्जर ने शैलेन्द्र सिंह तोमर से कार एक तरफ हटाने को कहा तो वह नाराज हो गए। दोनों के बीच विवाद के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।
ग्वालियर में भाजपा नेता राजा भैया गुर्जर से मारपीट का वीडियो वायरल। गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद सिंह साहब ने घर में घुसकर पिटाई कर दी। pic.twitter.com/xMCHoZwg2W
— sonelal.kushwaha (@KushwahaK45286) April 22, 2024
आरोप है कि शैलेन्द्र सिंह तोमर ने पहले बीजेपी नेता के ड्राइवर को पीटा और फिर घर में घुसकर राजा भैया गुर्जर को चप्पलों से पीटा। इसके बाद सोफे पर पटक कर जमकर घूंसों से प्रहार किया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। लेकिन ये पूरी घटना बीजेपी नेता के घर के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। इसके बाद राजा भैया गुर्जर महाराजपुरा थाने पहुंचे और यहां एफआईआर दर्ज कराई।
इस मामले पर एडिशनल एसपी निरंजन शर्मा ने कहा कि यह विवाद कार पार्किंग को लेकर हुआ था। राजा भैया गुर्जर और उनके ड्राइवर शैलेन्द्र गुर्जर की पिटाई कर दी गई। फरियादी शैलेन्द्र गुर्जर की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। घर के अंदर मारपीट का सीसीटीवी फुटेज मिला है।











