बिहार के जहानाबाद स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ मन्दिर में भगदड़ से 7 की मौत 10 घायल

मो0 कुमेल
डेस्क: बिहार के जहानाबाद जिले के बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में सोमवार को भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 7 लोगों की मौत हो गई है और 10 से अधिक लोग घायल हैं। घटना रात को 12 से 12:30 के बीच हुई।

जहानाबाद के एसएचओ दिवाकर कुमार विश्वकर्मा ने कहा, ‘डीएम और एसपी घटनास्थल पर गए हैं और स्थिति का जायज़ा ले रहे हैं। कुल 7 लोगों की मौत हुई है। हम उनके (मृतकों और घायलों) परिवार के सदस्यों से मिलकर जानकारी ले रहे हैं। मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इसके बाद हम शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज देंगे।’
घायलों का इलाज जहानाबाद सदर और मखदुमपुर सदर अस्पताल में चल रहा है। मखदुमपुर थाना क्षेत्र की घटना है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये के मुआवज़े का आदेश दिया है।











