बिहार: जीतिया त्यौहार पर स्नान के दरमियान 37 बच्चो सहित 46 की डूबने से मौत

अनिल कुमार
पटना: बिहार राज्य में जितिया त्योहार में तालाब और अन्य जगहों पर नहाने के दौरान 46 लोगों की मौत हो गई, इनमें 37 बच्चे भी शामिल हैं। बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक़ राज्य के अलग अलग ज़िलों में जितिया त्योहार के दौरान यह हादसा हुआ है। विभाग के मुताबिक़ मरने वालों में दो पुरुष भी शामिल हैं।

राज्य के रोहतास, अरवल, नालंदा, सीवान और बक्सर समेत कुछ अन्य ज़िलों में भी महिलाओं और बच्चों के जितिया त्योहार में नहाने के दौरान पानी में डूबने की वजह से मौत हुई है। जितिया का त्योहार मंगलवार और बुधवार को मनाया गया था। इस त्योहार में महिलाएं व्रत रखती हैं और बिहार- झारखंड जैसे कई राज्यों में अलग अलग मान्यताओं के मुताबिक़ नदी या तालाब में स्नान करने भी जाती हैं।











