संसद में अपने पहले भाषण में प्रियंका गांधी ने संभल का मुद्दा उठाते हुवे कहा ‘आज़ादी की लड़ाई में उभरी आवाज़ हमारे देश की आवाज़ थी और उसी के गूंज ने हमारा संविधान लिखा’

तारिक खान
डेस्क: शुक्रवार को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने संसद में अपना पहला भाषण दिया। प्रियंका गांधी वायनाड में हुए लोकसभा उपचुनाव में जीत हासिल करके सांसद बनी हैं। लोकसभा में प्रियंका गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत में भारत की आज़ादी की लड़ाई और इसमें अलग-अलग लोगों के योगदान की चर्चा की।

प्रियंका गांधी ने जब नेहरू का नाम लिया तो कांग्रेस सांसदों ने मेज़ थपथपाकर उनका समर्थन किया। प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में महिलाओं पर अत्याचार और बलात्कार के मामलों की भी चर्चा की। उन्होंने अपने भाषण में हाल ही में उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा की चर्चा भी की। प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश में सेब के किसानों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल में जो छोटे किसान सेब उगाते थे वे अब रो रहे हैं। क्योंकि एक व्यक्ति के लिए सबकुछ बदला जा रहा है।











