बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सीएम चेहरे के सवाल पर दो टुक बात से नीतीश खेमे में बढ़ सकती है बेचैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा ‘नीतीश के नेतृत्व में चुनाव होगा, मगर सीएम कौन यह दिल्ली तय करेगी’

अनिल कुमार

पटना: बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने 2025 के विधानसभा चुनाव में सीएम के चेहरे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा। लेकिन सीएम का चेहरा बीजेपी का संसदीय बोर्ड और एनडीए के घटक दल मिलकर तय करेंगे। दरअसल नीतीश कुमार को कहीं न कहीं ये डर भी सता रहा है कि भाजपा 2020 की तरह कोई खेल ना कर दे। कहीं फिर से चिराग की तरह कोई नया ‘हनुमान’ खड़ा करके जदयू को डेंट ना पहुंचा दे।

प्रशांत किशोर की सक्रियता और महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे प्रकरण से उनकी आशंका को बल मिलता दिख रहा है। इसलिए जेडीयू के रणनीतिकार ऑन रिकॉर्ड कमिटमेंट चाहते हैं कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव होगा। और चुनाव बाद चाहे नतीजे जो भी रहें नीतीश ही मुख्यमंत्री होंगे। ऐसे में कहा जा सकता है कि दिलीप जायसवाल ने 2025 चुनाव के लिए नीतीश कुमार के नेतृत्व पर तो सहमति जताई लेकिन सीएम फेस के सवाल पर लंगड़ी मार गए।

अब इस पर नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जेडीयू की क्या प्रतिक्रिया होगी ये देखने लायक होगा। इससे पहले अमित शाह के सीएम फेस वाले बयान पर बवाल हुआ था। नीतीश कुमार की नाराजगी की खबरें भी आई थी। उसके बाद बीजेपी का प्रदेश नेतृत्व डैमेज कंट्रोल में जुट गया था। दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी ने बयान दिया था कि एनडीए नीतीश कुमार के चेहरे पर चुनाव में जाएगी।

लेकिन नीतीश कुमार इससे संतुष्ट नहीं दिखाई दे रहे थे बल्कि केंद्रीय नेतृत्व से इसका वायदा चाहते थे। 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर आए थे। कयास लगाए जा रहे थे कि मंच से पीएम, नीतीश कुमार को एनडीए का सीएम उम्मीदवार घोषित कर सकते हैं। लेकिन पीएम नीतीश कुमार को ‘लाडला मुख्यमंत्री’ कह कर आगे बढ़ गए। अब ऐसे में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के द्वारा दिए गये बयान पर नीतीश कुमार और उनके पार्टी की तरफ से क्या प्रतिक्रिया आएगी यह एक रोचक मोड़ होगा।

भाजपा के प्रदेश मुखिया दिलीप जायसवाल ने सीएम का चेहरा घोषित करने के सवाल पर कहा कि ‘करने वाला सब ऊपर वाला है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे मगर सीएम का चेहरा कौन होगा यह बीजेपी का पार्लियामेंट्री बोर्ड और एनडीए के सभी घटक दल मिलकर तय करेंगे। आप हमसे कह रहे हैं कि आज ही चेहरा बता दीजिए।’ इसके अलावा दिलीप जायसवाल ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने पर भी बात की है। उन्होंने कहा, ‘लोगों को निशांत कुमार से इतना खतरा क्यों महसूस हो रहा है। निशांत नेता बन गया है। और विपक्ष के कारण ही आगे बढ़ता चला जाएगा।’

राजद नेता तेजस्वी यादव के आरोपों का जवाब देते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि तेजस्वी यादव के पास कोई काम नहीं है, इसलिए केवल निशांत पर बात कर रहे हैं। दरअसल राजद नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर निशांत को राजनीति में आने से रोकने का आरोप लगाया था। तेजस्वी ने कहा था,  ‘कुछ लोग चाह रहे हैं जिनमें बीजेपी और RSS के लोग हैं कि निशांत किसी भी हालत में राजनीति में नहीं आएं। लेकिन निश्चित तौर पर वह आएंगे तो हो सकता है कि पार्टी पूरी तरह से बच जाए। जदयू और बीजेपी के कुछ लोग मीटिंग कर रहे हैं कि निशांत राजनीति में नहीं आए ताकि बीजेपी जदयू को हड़प ले।’

इससे पहले निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि  एनडीए गठबंधन को पिताजी को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर देना चाहिए। जेडीयू पार्टी के नेता भी नाम को आगे करें। फिर से सरकार बनाने के लिए काम करना चाहिए।

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *