मध्य प्रदेश: इंदौर में जुलूस पर पत्थर फेकने के आरोपी दो युवको सोहेल और एजाज़ पर रासुका के तहत कार्यवाही कर कलेक्टर ने भेजा जेल

ईदुल अमीन
डेस्क: मध्य प्रदेश के इंदौर (महू) में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत की जीत के बाद निकले विजय जुलूस पर पथराव करने वालों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष सिंह ने दो आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) लगाकर जेल भेजने के आदेश दिए हैं।

प्रशासन ने साफ किया है कि शहर में दंगे या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। बता दें कि रविवार रात भारत की जीत के बाद महू में लोग तिरंगा लेकर बाइक रैली निकाल रहे थे। जुलूस मोती महल चौराहे पर पहुंचा, इसी दौरान कथित रूप से कुछ लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया।
जबकि मुस्लिम पक्ष का आरोप था कि जुलूस निकाल रहे लडको ने मस्जिद में सुतली बम फेका था, जिससे पैनिक स्थिति उत्पन्न हुई थी। इस हमले में कई लोग घायल हुए और इलाके में तनाव फैल गया। जिसके बाद दुकानें और गाड़ियां जला दी गई, पेट्रोल बम भी फेंके गए।
बीती 9 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारतीय टीम की जीत के बाद महू में आगजनी और तोड़फोड़ हुई थी। हालांकि इसके बाद अब हालात सामान्य होने लगे हैं। पुलिस ने इस पूरे मामले में 50 से अधिक लोगों को नामजद किया है। वहीं, 13 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। जुमे की नमाज और होली के त्योहार को देखते हुए भोपाल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने कई संवदेनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। साथ ही सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे नजर रखी जा रही है।











