राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा ने इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी अवार्ड सेरेमनी में पीएम नरेन्द्र मोदी को बताया फेवरेट एक्टर. कांग्रेस ने तंज़ कसते हुवे कहा ‘ये बात तो हम पहले से कह रहे है कि वह नेता नहीं अभिनेता है’

आदिल अहमद
डेस्क: राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा ने 9 मार्च को इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी अवॉर्ड्स सेरेमनी के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी को अपना ‘फेवरेट एक्टर’ बताया। उनका ये बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने उन्हें और पीएम दोनों को घेर लिया है। \

राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने X पर कहा, ‘हम ये बात बहुत पहले से कहते आ रहे हैं… कि मोदी जी नेता नहीं बल्कि अभिनेता हैं। देर से ही सही, भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री भी कहने लगे हैं कि मोदी जी जननेता नहीं बल्कि अभिनेता हैं। वो कैमरा स्किल, टेलीप्रॉम्प्टर, वेशभूषा और लच्छेदार भाषणों में माहिर हैं।’
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सीएम शर्मा को टैग करते हुए कहा, ‘आप सही कह रहे हैं भजन लाल जी, पीएम मोदी अच्छे एक्टर हैं। लेकिन क्या आपको नहीं लगता कि कभी-कभी वो बहुत ज्यादा ओवर एक्टिंग करने लगे हैं?’ आम आदमी पार्टी ने भी अपने X हैंडल पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा, ‘भाजपा के मुख्यमंत्री और नेता खुद मानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बड़ा अभिनेता इस देश में कभी नहीं हुआ और न ही कभी होगा।’
इस पूरे मामले पर भाजपा की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। पार्टी प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने दावा किया कि मुख्यमंत्री से पूछा गया सवाल उनके ‘पसंदीदा हीरो’ के बारे में था। भारद्वाज ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेसी एक परिवार के चरणों में घुटने टेककर, झूठ और धोखे की अपनी परंपरा को जारी रखते हुए, वीडियो एडिट करके फर्जी स्क्रिप्ट लिखने का असफल प्रयास कर रहे हैं।









