दिल्ली दंगो में कपिल मिश्रा की भूमिका होने की शिकायत पर अदालत ने दिया ऍफ़आईआर दर्ज कर जाँच का आदेश, विपक्ष ने कहा ‘कपिल मिश्रा इस्तीफा दे’

मो0 कुमेल
डेस्क: दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार को दिल्ली सरकार में क़ानून मंत्री कपिल मिश्रा के उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों में शामिल होने के आरोपों की जांच करने के आदेश दिए हैं। अदालत ने पुलिस को हुक्म दिया है कि वह कपिल मिश्रा पर ऍफ़आईआर दर्ज कर मामले की जाँच करे। वही विपक्ष अब हमलावर है और कपिल मिश्रा से इस्तीफे की मांग कर रहा है।

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कपिल मिश्रा पर लगे आरोपों की जांच किए जाने और उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज़ किए जाने की मांग को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ‘2020 के दंगे सब लोगों ने देखे हैं, और कपिल मिश्रा ने जो बयान दिए, और जिस तरह से दंगे भड़काए, वो सब लोगों ने देखा है। ये टीवी पर है। वीडियो में है। पुलिस के सामने भी है। पांच साल तक पुलिस ने उन पर कोई मुक़दमा दर्ज़ नहीं किया। अब कोर्ट के आदेश पर उनके ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज़ हुई है। ये दिल्ली पुलिस के लिए शर्म की बात है। कपिल मिश्रा को एक भी दिन मंत्री रहने का अधिकार नहीं है। उनको तुरंत इस्तीफ़ा देना चाहिए।’











