लालू यादव ने अपने पुत्र तेज प्रताप को पार्टी को घर से दिखाया बाहर का रास्ता, बोले तेजस्वी यादव ‘ये सब चीज़े हम बर्दाश्त नहीं करते’, जदयू ने कहा ‘केवल सियासी दिखावा है’

अनिल कुमार
पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। लालू यादव ने ये जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर देते हुए लिखा है कि अब से पार्टी और परिवार में तेज प्रताप की किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी।

उन्होंने लिखा, ‘अपने निजी जीवन का भला -बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम हैं। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें।’ इससे पहले आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट किया गया था, जिसे लेकर विपक्ष ने आरजेडी पर निशाना साधा था। इसके बाद तेज प्रताप यादव ने एक्स पर एक पोस्ट कर बताया कि उनका सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हैक कर लिया गया है और उनकी तस्वीरों को ग़लत तरीके से एडिट किया गया है।
बोले तेजस्वी यादव ‘यह सब हम बर्दाश्त नही करते’
बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी है। अपने बड़े भाई तेज प्रताप को पार्टी से निष्कासित किए जाने के फ़ैसले पर पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा, ‘हमें ये सब चीज़ें नहीं अच्छा लगता है न हम इसे बर्दाश्त करते हैं। हम अपना काम कर रहे हैं, बिहार के प्रति हम समर्पित हैं। हम जनता के दुख-सुख में भाग ले रहे हैं और जनता के मुद्दे को उठा रहे हैं।’


जनता दल यूनाइटेड प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा, ‘लालू जी लोगों को मूर्ख बनाने का काम कर रहे हैं। तेज प्रताप ने स्वीकार कर लिया कि 12 सालों से वह रिलेशनशिप में हैं।’ राजीव रंजन ने दावा किया कि बिहार चुनाव में इस पूरे प्रकरण का आरजेडी को भारी नुक़सान उठाना पड़ सकता था। उन्होंने कहा, ‘इसलिए चुनाव तक के लिए ये दिखावा और पाखंड है।’











