प्रशांत किशोर की जन सूरज पार्टी को मिला चुनाव निशान स्कूल का बस्ता, बोले प्रशांत किशोर ‘गरीबी से निकलने का रस्ता, घर घर स्कूल का बस्ता

ईदुल अमीन
डेस्क: बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियां मजबूती के साथ तैयारियां कर रही हैं। पूर्व चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की राजनीतिक पार्टी ‘जन सुराज पार्टी’ भी पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरने का दावा कर रही है। चुनाव आयोग ने पार्टी को चुनाव निशान भी अलॉट कर दिया है। नई नवेली जन सुराज पार्टी को ‘स्कूल बैग’ यानी ‘स्कूल का बस्ता’ दिया गया है।

गरीबी से निकलने का रास्ता, हर घर- स्कूल का बस्ता!! pic.twitter.com/ojboCoR0Mz
— Jan Suraaj (@jansuraajonline) June 25, 2025
जन सुराज पार्टी को स्कूल का बस्ता चुनाव निशान मिला तो प्रशांत किशोर ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘लालू-नीतीश के 35 साल के राज में बिहार के बच्चों की पीठ से स्कूल का बस्ता हटाकर बोड़ा बांध दिया है। मजदूरी का बोड़ा बांध दिया है। जन सुराज की सोच बिहार की गरीबी को खत्म करने का रास्ता है। शिक्षा यानी स्कूल का बस्ता, बिहार के लोगों के लिए रोजगार का रास्ता है स्कूल का बस्ता, बिहार में पलायन रोकना है, तो उसका रास्ता है स्कूल का बस्ता। इसीलिए जन सुराज का चुनाव चिह्न है स्कूल का बस्ता। क्योंकि पढ़ाई से ही लोगों का विकास हो सकता है, पढ़ाई से ही गरीबी दूर हो सकती है। बिहार में गरीबी दूर करने का सबसे बड़ा जरिया है अच्छी पढ़ाई। जन सुराज का पूरा फोकस ही है पढ़ाई और रोजगार।’
प्रशांत किशोर ने 2 अक्टूबर 2024 को जन सुराज पार्टी को लॉन्च किया था। पार्टी बनाने से पहले किशोर ने बिहार में 3,000 किलोमीटर लंबी पदयात्रा की थी। इस यात्रा की शुरुआत चंपारण से की गई थी, जहां से महात्मा गांधी ने देश में पहला सत्याग्रह शुरू किया था। प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी के नेता-कार्यकर्ता हरेक सीट पर जनता तक पहुंचकर बिहार के लिए अपना विजन और रोडमैप बता रहे हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में नुक्कड़ सभाओं हो रही हैं, जहां प्रशांत किशोर खुद जनता को संबोधित करते हुए सरकार और विपक्ष की असफलताओं को उजागर कर रहे हैं। वो ये भी बता रहे हैं कि जन सुराज दूसरे पार्टियों से किस तरह अलग है और क्यों इस पार्टी को समर्थन देना चाहिए।











