बोले राहुल गाँधी ‘ट्रंप ने 11 बार कहा मैंने नरेन्द्र मोदी को सरेंडर करवाया, लेकिन मोदी ये तक नहीं कह पा रहे कि ट्रंप झूठ बोल रहे’

अनिल कुमार
पटना: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को बिहार के राजगीर स्थित इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अति पिछड़ा समाज को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “मोदी को सरेंडर करने की आदत है। अमेरिका राष्ट्रपति ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से 11 बार कहा कि मैंने मोदी को सरेंडर करवाया, लेकिन प्रधानमंत्री ने कभी उसका जवाब नहीं दिया। आखिर वो क्यों नहीं बोले कि ट्रंप झूठ बोल रहे हैं?

राहुल ने बिहार की हालत पर चिंता जताते हुए कहा, ‘पहले नालंदा में पूरी दुनिया से लोग शिक्षा लेने आते थे, अब यहां से पलायन हो रहा है। बिहार को आज ‘क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया’ कहा जा रहा है, ये नई पहचान कैसे बन गई?’ उन्होंने आरोप लगाया कि देश का बजट सिर्फ 11 अफसर मिलकर बनाते हैं, जिनमें 90 फीसदी की आबादी वाले दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा वर्ग का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। वहीं अगर मजदूरी करने वालों को देखेंगे तो उनमें अधिकतर ओबीसी, दलित और अति पिछड़ा ही मिलेंगे।’
प्राइवेट हेल्थ सेक्टर पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, ‘सरकार जमीन देती है अस्पताल खोलने के लिए, लेकिन क्या आप बता सकते हैं कि किसी अस्पताल का मालिक अनुसूचित जाति से है?’ राहुल गांधी ने जातीय गणना के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अगर सरकार के पास मौजूद सामाजिक-आर्थिक डेटा को जोड़ा जाए, तो विकास की एक नई तस्वीर सामने आएगी। उन्होंने बिहार से इसकी शुरुआत की बात कही। आरक्षण पर उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ 50 प्रतिशत आरक्षण क्यों? जब हमारी आबादी 90 फीसदी है तो ये 50 फीसदी की दीवार कहां से आई?











