ग्रेटर नोएडा: कार-बाइक टक्कर में 4 किशोरों की मौत, रील बनाने निकले थे दोस्त

शफी उस्मानी
डेस्क: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के कुलेसरा पुस्ता रोड पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में चार किशोरों की जान चली गई। सभी दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही वैगनआर कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए चारों युवकों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सुमित, लवकुश, रिहान और मोनू ठाकुर के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 16 से 18 साल के बीच बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सेंट्रल नोएडा डीसीपी ने बताया कि हादसे में शामिल कार (UP 16 CR 3293) को कब्ज़े में ले लिया गया है और चालक को हिरासत में रखा गया है। मामले की जांच की जा रही है।











