ग्रेटर नोएडा: फीस न जमा करने पर पिता की पिटाई, बेटा घंटों बंधक; स्कूल के गार्डों पर केस दर्ज

मो0 कुमैल
डेस्क: ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में एक प्राइवेट स्कूल की हैरान करने वाली गुंडागर्दी सामने आई है। आरोप है कि चौथी कक्षा के छात्र के पिता को फीस न जमा करने पर स्कूल के गार्डों ने लाठी-डंडों से पीटा और बच्चे को कई घंटों तक बंधक बनाकर रखा।
पतलाखेड़ा गांव निवासी पीड़ित सीटू का कहना है कि मंगलवार को स्कूल से फोन आया कि उसके बेटे की तबीयत खराब है। वह तुरंत पैराडायस स्कूल पहुंचा, लेकिन गेट पर मौजूद गार्डों ने फीस बकाया होने का हवाला देकर अंदर जाने से रोक दिया। सीटू के बार-बार अनुरोध करने के बावजूद गार्डों ने उसे नहीं जाने दिया और कहासुनी के बाद छह गार्डों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी।
हमले में सीटू के हाथ, सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि इस दौरान बच्चे को भी स्कूल में बंधक बनाकर रखा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को मुक्त कराया। पीड़ित के पिता-पुत्र धर्मेंद्र और कुनाल समेत छह स्कूल कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।












