झांसी पुलिस ने सोशल मीडिया पर लड़की बनकर ब्लैकमेल करने वाले दो साइबर ठगों को पकड़ा

मो0 कुमैल
डेस्क: झांसी पुलिस ने दो ऐसे साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया पर युवतियों के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर लड़कों को फंसाते थे और बाद में उनकी अश्लील वीडियो व फोटो के जरिए ब्लैकमेल करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजराज और संदीप लोधी के रूप में हुई है, दोनों मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अब तक करीब 145 युवकों को अपने जाल में फंसाकर 7 लाख रुपये से ज़्यादा की वसूली की है। इनके पास से तीन मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
गैंग फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लड़की के नाम से फर्जी आईडी बनाता था। चैटिंग के दौरान युवकों का व्हाट्सऐप नंबर लेकर उनसे बात करता और न्यूड फोटो भेजकर भरोसा जीतता। इसके बाद न्यूड वीडियो कॉल कर युवकों की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लेता। इसी सामग्री के आधार पर उनसे ऑनलाइन पैसे ऐंठे जाते थे।
ब्लैकमेलिंग को अंजाम देने के लिए आरोपी खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों को फोन करते और कहते कि उनकी न्यूड वीडियो मिली है, जिस पर कार्रवाई होगी। कार्रवाई से बचाने के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी। सीओ सदर झांसी, अरीबा नोमान ने बताया कि रामगढ़ इलाके से इन दोनों साइबर ठगों को पकड़ा गया है। पुलिस अब इस पूरे गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।











