एसएससी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी का हमला, बोले- ‘डरपोक सरकार की पहचान’

आदिल अहमद
डेस्क: दिल्ली के रामलीला मैदान में एसएससी परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर रविवार को अभ्यर्थियों और निजी कोचिंग संस्थानों के शिक्षकों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस घटना की निंदा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘रामलीला मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे एसएससी अभ्यर्थियों और शिक्षकों पर बर्बर लाठीचार्ज न सिर्फ शर्मनाक है बल्कि डरपोक सरकार की पहचान भी है। युवाओं ने रोजगार और न्याय मांगा था, बदले में मिली लाठियां। साफ है कि मोदी सरकार को युवाओं और उनके भविष्य की कोई चिंता नहीं है।’
राहुल गांधी ने आगे लिखा, ‘पहले वोट चुराएंगे, फिर परीक्षा, फिर नौकरियां और फिर आपका हक़ और आवाज़ दोनों कुचल देंगे। युवाओं, किसानों, गरीबों और अल्पसंख्यकों की मांगें इस सरकार की प्राथमिकता में कभी नहीं होंगी। अब वक्त है डरने का नहीं, डटकर मुकाबला करने का।’












