झारखंड में चांडिल रेलवे स्टेशन के पास रेल हादसा, 22 यात्री ट्रेनें प्रभावित

आफताब फारुकी
डेस्क: झारखंड के चांडिल रेलवे स्टेशन के पास हुए रेल हादसे के चलते चांडिल-टाटानगर और चांडिल-बोकारो रूट पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है। चांडिल स्टेशन आदरा रेल डिवीज़न के अंतर्गत आता है। दक्षिण पूर्व रेलवे की जनसंपर्क अधिकारी सोमा दास ने बताया कि धातुओं से लदी एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरकर दूसरे ट्रैक पर आ रही एक अन्य मालगाड़ी से टकरा गए। हादसे के बाद अप और डाउन दोनों दिशाओं में रेल यातायात ठप हो गया है।
आदरा रेल डिवीज़न के सीनियर डीसीएम राजकुमार प्रसाद के मुताबिक, दुर्घटना से 22 यात्री ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें 11 का मार्ग बदला गया है, 9 ट्रेनें रद्द की गई हैं और 2 आंशिक रूप से रद्द हुई हैं। यात्री ट्रेनों का संचालन बहाल करने का कार्य जारी है।












