PNN24 News: “मोदी-योगी चच्चा तक जाएगी ये खबर”, मिर्जापुर में जमीन के लिए बिलख पड़ी महिला; शरीर पर पीएम की तस्वीर देख दंग रह गए अधिकारी

निलोफर बानो
मिर्जापुर (मड़िहान): “साहब! मेरी जमीन दिला दो, ये खबर मोदी और योगी चच्चा तक जाएगी।” ये शब्द उस बेबस महिला के हैं, जो पिछले 12 सालों से तहसील के चक्कर काट-काट कर थक चुकी है। मड़िहान तहसील में आयोजित ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपनी जमीन पर हुए अवैध कब्जे को लेकर अधिकारियों के सामने ही फूट-फूट कर रोने लगी।
विरोध का अनोखा तरीका: स्वेटर उतारा तो दिखी पीएम मोदी की तस्वीर
बेलहरा गांव की रहने वाली मुन्नी देवी जब अपनी फरियाद लेकर पहुंचीं, तो उनकी आंखों में आंसू और दिल में सिस्टम के खिलाफ गहरा आक्रोश था। सुनवाई के दौरान अचानक उन्होंने अपना स्वेटर उतार दिया। उनके नीचे पहने कपड़ों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर बनी हुई थी। हाथ जोड़कर और जमीन पर बैठकर वह रोने लगीं और सीधे सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ और पीएम मोदी से न्याय की गुहार लगाने लगीं।
15 साल पहले खरीदी थी जमीन, अब दबंगों का कब्जा
पीड़िता मुन्नी देवी ने बताया कि उनका बेलहरा गांव में मायका है। करीब 15 साल पहले उन्होंने वहां 19 बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। लेकिन जब 12 साल पहले राजस्व टीम नापी करने पहुंची, तो मौके पर केवल 12 बिस्वा जमीन ही मिली।
मुन्नी देवी का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंगों ने उनकी 7 बिस्वा जमीन पर जबरन कब्जा कर वहां निर्माण करवा लिया है। तब से लेकर आज तक वह तहसील के गलियारों में न्याय की भीख मांग रही हैं, लेकिन सिवाय आश्वासनों के उन्हें कुछ नहीं मिला।
महिला पुलिस ने संभाला मोर्चा
समाधान दिवस के बीच महिला को इस तरह प्रदर्शन करते देख वहां मौजूद क्षेत्राधिकारी (CO) ऑपरेशन शिखा भारतीय सक्रिय हुईं। उन्होंने मड़िहान महिला पुलिस की मदद से किसी तरह महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया।
लेखपाल का तर्क: “नक्शा छोटा होने से फंसा है पेंच”
इस मामले पर क्षेत्रीय लेखपाल सतीश पांडेय ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि साल 2012 में राजस्व टीम ने नापी की थी। उस वक्त मौके पर साढ़े बारह बिस्वा जमीन मिली थी, जबकि साढ़े छह बिस्वा जमीन कम पाई गई। लेखपाल के मुताबिक, “नक्शा छोटा होने के कारण” नापी में समस्या आ रही है और जमीन का सटीक मिलान नहीं हो पा रहा है।
PNN24 का सवाल: कब मिलेगा मुन्नी देवी को न्याय?
एक तरफ सरकार ‘एंटी भू-माफिया’ अभियान के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ मुन्नी देवी जैसी महिलाएं एक दशक से ज्यादा समय से अपनी ही खरीदी हुई जमीन के लिए दर-दर भटक रही हैं। अब देखना यह है कि प्रधानमंत्री की तस्वीर सीने से लगाए इस महिला की पुकार क्या वाकई लखनऊ और दिल्ली तक पहुंचेगी?










