PNN24 News: “कफ सिरप घोटाले के पैसों से खरीदे गए फ्लैट और गाड़ियां”, अजय राय का भाजपा पर बड़ा हमला; हाईकोर्ट से जांच की मांग

मो0 सलीम
वाराणसी: उत्तर प्रदेश में कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर सियासत गरमा गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने इस प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर सीधा हमला बोला है। अजय राय ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के वित्तीय लेन-देन को सार्वजनिक करने की पुरजोर मांग की है।
“किसे मिली गाड़ी और किसे फ्लैट? जनता को पता चले”
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कफ सिरप सिंडिकेट पर निशाना साधते हुए कहा कि इस काले कारोबार में शामिल सभी सफेदपोशों के बैंक खातों और संपत्तियों का ब्योरा सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “इस अवैध धंधे में शामिल लोगों के खातों की जांच होनी चाहिए ताकि यह साफ हो सके कि किसे रिश्वत के तौर पर लग्जरी गाड़ियां मिलीं और किसे आलीशान फ्लैट दिए गए।”
हाईकोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
अजय राय ने प्रदेश की वर्तमान जांच प्रणालियों पर अविश्वास जताते हुए इस पूरे प्रकरण की जांच हाईकोर्ट (High Court) के वर्तमान जज या उच्च स्तरीय समिति से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मामला सीधे तौर पर युवाओं के स्वास्थ्य और नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लीपापोती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
#WATCH वाराणसी, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय राय ने कोडीन-आधारित कफ सिरप मामले पर कहा, "… कफ सिरप में शामिल सभी लोगों के अकाउंट को सार्वजनिक कर देना चाहिए ताकि पता लग सके कि किसे गाड़ी, फ्लैट और अन्य चीजे मिली हैं… मेरी मांग है कि हाई कोर्ट द्वारा इसकी जांच… pic.twitter.com/uf0snyQlSb
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 20, 2025
भाजपा कनेक्शन का लगाया आरोप
प्रेस को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि इस कोडीन युक्त कफ सिरप प्रकरण के तार सत्ताधारी दल के लोगों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के संरक्षण में ही यह पूरा खेल फल-फूल रहा है। कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली सरकार अपने ही नेताओं और करीबियों के शामिल होने पर चुप्पी क्यों साधे हुए है?
पीढ़ियां बर्बाद कर रहा है यह सिंडिकेट
अजय राय ने चिंता जताते हुए कहा कि कोडीन युक्त कफ सिरप का इस्तेमाल नशे के तौर पर किया जा रहा है, जो उत्तर प्रदेश के भविष्य और युवाओं को खोखला कर रहा है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी जब तक कि मुख्य साजिशकर्ताओं के चेहरे बेनकाब नहीं हो जाते।










