शाहजहांपुर में ‘मोरल पुलिसिंग’ का तांडव: कैफे में घुसे दबंग, ID मांगने पर खिड़की से कूदे लड़के-लड़कियां; 7 पर FIR दर्ज

तारिक खान
शाहजहांपुर (कांट): जिले के थाना कांट क्षेत्र के अकर्रा रसूलपुर से एक विचलित करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक कैफे में तथाकथित धार्मिक संगठन के पदाधिकारियों द्वारा की गई ‘छापेमारी’ के दौरान खौफ का ऐसा मंजर दिखा कि वहां मौजूद युवक-युवतियां अपनी जान बचाने के लिए पहली मंजिल की खिड़की से नीचे कूद गए। इस घटना में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

सत्ता और बाहुबल के नशे में चूर इन लोगों ने पुलिस प्रशासन को सूचना देने के बजाय खुद ही ‘जांच अधिकारी’ की भूमिका अपना ली। इस अचानक हुए हमले और बदतमीजी से घबराकर युवक-युवतियां रेस्टोरेंट की खिड़की तोड़कर नीचे कूद गए।
शिकायतकर्ता का दर्द: “समझ नहीं आया वे लोग कौन थे” निजी अस्पताल में भर्ती पीड़ित युवक ने बताया:
“वे लोग अचानक नारेबाजी करते हुए आए और आईडी मांगने लगे। मेरी प्रेमिका इतनी घबरा गई कि उसने पहली मंजिल की खिड़की से छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए मुझे भी कूदना पड़ा। हमें गंभीर चोटें आई हैं, हमारा इलाज चल रहा है।”
पुलिसिया कार्रवाई: घटना के बाद कैफे संचालक ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद मामले को गंभीरता से लिया है।
- एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि कुछ लोग वहां पिज्जा खा रहे थे, तभी संगठन के लोगों ने हस्तक्षेप किया। घायलों को ट्रेस किया गया है और निजी अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
- सीओ सदर प्रयांक जैन के अनुसार, पुलिस बल मौके पर है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
7 लोगों पर मुकदमा दर्ज: शाहजहांपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने PNN24 न्यूज़ को पुष्टि की है कि इस मामले में तहरीर के आधार पर 3 नामजद और 4 अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब उन चेहरों की पहचान कर रही है जिन्होंने कानून को हाथ में लेने की हिमाकत की।











