बलिया: सरकारी बस की टक्कर से घायल रेस्टोरेंट कर्मचारी अकबर की बीएचयू में मौत; नशे में धुत चालक ने होली की रात रौंदा था, परिवार में मचा कोहराम

बिल्थरारोड: 4 मार्च को सरकारी बस की टक्कर से घायल युवक अकबर की बीएचयू में मौत। नशे में धुत बस चालक ने बाइक को रौंदा था। परिजनों में कोहराम, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

उमेश गुप्ता 

बिल्थरारोड/बलिया (PNN24 News): उभांव थाना क्षेत्र के चौकिया मार्ग पर बीते 4 मार्च (होली) की रात को हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने आज एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। सरकारी बस की जोरदार टक्कर से गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय युवक अकबर ने शनिवार सुबह वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर पैतृक गांव पहुँचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

1. होली की रात काल बनकर आई सरकारी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रसड़ा के आजाद चौक (हिता का पूरा) निवासी अकबर (26 वर्ष), पुत्र मंजूर आलम, बिल्थरारोड में भारत पेट्रोल पंप के सामने स्थित ‘अलमतान रेस्टोरेंट’ में कार्यरत था। 4 मार्च की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी बाइक से किसी कार्यवश चौकिया मोड़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित सरकारी बस ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए आगे निकल गई।

2. इलाज के दौरान तोड़ा दम

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान अकबर को तत्काल मऊ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर (वाराणसी) रेफर कर दिया। तीन दिनों तक ज़िंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद शनिवार सुबह अकबर की सांसें थम गईं।

3. नशे में धुत था बस चालक, पुलिस से भी की थी बदसलूकी

इस मामले में पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों की तरफ से चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय सरकारी बस का चालक और परिचालक दोनों नशे की हालत में थे। घटना के दिन इन लोगों ने मौके पर पहुँची डायल 112 की पुलिस टीम से भी बदतमीजी और उलझने की कोशिश की थी। पुलिस ने फिलहाल बस चालक को हिरासत में ले लिया है।

4. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, न्याय की गुहार

जवान बेटे की मौत से पिता मंजूर आलम और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उभांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषी चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *