बेटी की डोली उठने से दो दिन पहले उठी पिता की अर्थी, खुशियां मातम में बदलीं

उमेश गुप्ता
बिल्थरारोड (बलिया)। स्थानीय नगर पंचायत के वार्ड नंबर 3 स्थित जीएमएएम फील्ड वाली गली में उस समय मातम छा गया जब अमित जायसवाल के पूज्य पिता स्वर्गीय राजेंद्र जायसवाल का अचानक निधन हो गया। इस हृदय विदारक घटना से पूरा परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा मोहल्ला गहरे सदमे में डूब गया।

पिता राजेंद्र जायसवाल भी अपनी बेटी की शादी को लेकर काफी उत्साहित थे और उन्होंने पूरे जोश और उत्साह के साथ तैयारियां कर रखी थीं।लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस घर से 9 मार्च को बेटी की डोली उठनी थी, उसी घर से 7 मार्च को पिता की अर्थी उठ गई। खुशियों से सजा घर अचानक मातम में बदल गया। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।अस्पताल परिसर में मौजूद परिजन और रिश्तेदार इस दुखद खबर से दहाड़े मारकर रोने लगे, जिससे माहौल बेहद गमगीन हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग और शुभचिंतक भी बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचने लगे।राजेंद्र जायसवाल के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। हर किसी की आंखें नम हैं और लोग यही कह रहे हैं कि बेटी की डोली उठने से दो दिन पहले पिता की अर्थी उठना पूरे क्षेत्र के लिए बेहद दुखद और मार्मिक घटना है।











