अम्बेडकरनगर के समाचार अनंत कुशवाहा के संग

स्कार्पियो की टक्कर से वृद्ध की मौत
अम्बेडकरनगर। जलालपुर थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हो गयी। दुर्घटना के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार होने में सफल रहा। जानकारी के अनुसार जलालपुर कस्बा निवासी 65 वर्षीय मोहम्मद रफीक पुत्र वली मोहम्मद साइकिल से गौसपुर ककरहिया की तरफ जा रहे थे। वह ककरहिया के निकट पहुंचे ही थे कि सामने से आयी स्कार्पियों ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे मोहम्मद रफीक की मौके पर ही मृत्यु हो गयी। दुर्घटना के बाद स्कार्पियों चालक स्कार्पियो समेत फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कटेहरी में मनोज तिवारी का कार्यक्रम रविवार को. अकबरपुर में प्रत्याशी ने ही कार्यक्रम लेने से किया इंकार
अम्बेडकरनगर। भाजपा प्रत्याशियों के चुनावों को गति देने हेतु रविवार को मनोज तिवारी सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली में दो सभाओं को संबोधित करेंगे। जिलाध्यक्ष शिवनायक वर्मा के हवाले से कार्यालय प्रमुख विनोद सिंह ने बताया कि उनकी पहली जनसभा अवधेश द्विवेदी के समर्थन में रामलीला मैदान कटेहरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होने आगे बताया कि 20 फरवरी को एनडी इंटर कालेज जलालपुर के मैदान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दिन में 12 बजे, जलालपुर के भाजपा प्रत्याशी राजेश सिंह के समर्थन में भारी जनसमूह को संबोधित करेंगे। मनोज तिवारी का कार्यक्रम अकबरपुर स्थित जूनियर हाईस्कूल परिसर में भी निश्चित था लेकिन सूत्रों की माने तो पार्टी प्रत्याशी चन्द्रप्रकाश वर्मा ने उनका कार्यक्रम लेने से इंकार कर दिया। वैसे चन्द्रप्रकाश वर्मा के चुनाव प्रतिनिधि राजेश पांडेय का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा अनुमति न मिलने के कारण मनोज तिवारी का कार्यक्रम नहीं कराया जा पा रहा है। जबकि उपजिलाधिकारी सदर का कहना है कि उनके पास किसी ने कार्यक्रम की अनुमति के लिए कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया।
मां व पुत्री ने खाया जहर, मां की मौत
अम्बेडकरनगर। पारिवारिक कलह के चलते मां व पुत्री ने कीट नाशक पदार्थ खा लिया जिससे दोनों की हालत गंभीर हो गयी। परिजनों द्वारा दोनों को जिला चिकित्सालय करवाया गया जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक और महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर संेटर लखनऊ रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर थानान्तर्गत फरीदपुर निवासी सुशीला (50) पत्नी जियालाल अपनी पुत्री सीमा (16) के साथ अपने घर पर पारिवारिक कलह के चलते कीट नाशक पदार्थ खा लेने से हालत गंभीर हो गयी। परिजनों द्वारा दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं सीमा की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दूसरी घटना में बेवाना थानान्तर्गत ललितपुर दियरा निवासी उर्मिला (35) पत्नी अमरनाथ शुक्रवार की शाम अपने घर पर अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लेने से हालत गंभीर हो गयी। परिजनों द्वारा उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने उसे हायर सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
सत्ता में आते ही भय व आतंक का माहौल समाप्त करेगी भाजपा
अम्बेडकरनगर। सत्ता में आते ही भाजपा, सपा द्वारा समाज में स्थापित भय और आतंक के माहौल को समाप्त करेगी। साथ ही साथ बसपा के भ्रष्टाचार को उत्तर-प्रदेश से मुक्ति दिलाकर विकास और रोजगार में पिछडे़ उत्तर-प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाकर उत्तर-प्रदेश में खुशहाली स्थापित करेगी ताकि उत्तर-प्रदेश के नवजवानों तथा किसानों में व्याप्त हताशा को समाप्त किया जा सके। उक्त बाते भाजपा के जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया समन्वयक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने अकबरपुर उत्तरी के मंडल अध्यक्ष अरूण कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में बूथ स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कहीं। दुर्गा प्रसाद तिवारी ने आगे कहा कि मोदी सरकार गांव गरीब, किसान, नवजवान तथा सीमा के रक्षको के सम्मान के रक्षा के लिए कृत संकल्पित है। इसीलिए चन्द्रप्रकाश को जिताना जरूरी है। बैठक मंे बसंतराज तिवारी, देवेन्द्र कुमार, जगन्नाथ गौड़, रोहित राजभर, भोला सिंह, विकास सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
भोजपुरी फिल्म सरकार राज रिलीज, स्थानीय कलाकारों में खुशी
अम्बेडकरनगर। भोजपुरी फिल्म सरकार राज रिलीज होने पर स्थानीय कलाकारों ने खुशी का इजहार किया है। फिल्म के रिलीज होने के बाद स्थानीय कलाकरों में खुशी की लहर दौड़ गयी। सरकार राज फिल्म में स्थानीय कलाकारों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। फिल्म के निर्देशक अरविन्द चैबे ने बताया कि जोरदार एक्शन के साथ-साथ कर्णप्रिय संगीत भी इस फिल्म का सबल पक्ष है। उन्होने बताया कि सरकार राज की धूमधाम से बम्पर ओपनिंग के साथ कई प्रदेशों में एक साथ रिलीज की गयी है। फिल्म के लगते ही सिनेमा हाल में दर्शको की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। उन्होने कहा कि इस फिल्म को बिहार के रेनू विजय फिल्म्स के प्रशांत निशांत ने और मुम्बई में इंडिया ई कामर्स लिमिटेड के प्रदीप भईया ने रिलीज किया है। इस फिल्म में अभिनेता पवन सिंह के साथ अभिनेत्री मोनालिशा, जसवन्त कुमार आदि लोगों ने अहम भूमिका निभायी। साथ ही साथ कलाकारों ने आयाज खान, जस्सी सिंह, बालगोविन्द बंजारा, अक्षय सिंह, रानी चटर्जी सहित अन्य कलाकारों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अरविन्द दूवे ने बताया कि मल्टी स्टारर फिल्म को देखकर दर्शक काफी उत्साहित है। सरकार राज ने ओपनिंग के पहले ही दिन भोजपुरी सिनेमा के सारे रिकार्ड ध्वस्त कर दिये और जिले के कलाकारों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हे मौका मिले तो जनपद का नाम विश्व पटल पर रोशन कर सकते है।
बोलेरो सवार बदमाशों ने छीनी मोबाइल व बाइक
जलालपुर, अम्बेडकरनगर। बीती रात बारात से लौट रहे व्यक्तियों की बोलेरो सवार बदमाश बाइक व मोबाइल छीन कर फरार हो गये। पीड़ित द्वारा थाने में तहरीर दी गयी है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गयी है। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जीवत खुर्रम अली निवासी मित्रसेन पुत्र स्व0 निर्मल सतेन्द्र के साथ मोटर साइकिल से टाण्डा बारात गये हुए थे। बारात से रात को वापस आ रहे थे। वह जीवत खुर्रम अली मोड़ पर पहुंचे थे कि आधा दर्जन बोलेरो सवार अज्ञात बदमाश ने रोक लिए और तमन्चे की नोक पर बाइक व मोबाइल छीन लिए। सूचना पर पहुंची 100 पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी को कौन कहे परछाई तक नहीं छू सकी। पीड़ित मित्रसेन द्वारा थाने में घटना के बावत तहरीर दी गयी है। प्रभारी निरीक्षक परमानंद ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।
जन अधिकारी मंच के प्रत्याशी पर मुकदमा दर्ज
जलालपुर, अम्बेडकरनगर। अवैध तरीके से प्रचार वाहन पर फ्लैश बोर्ड लगाकर चुनाव प्रचार करना जन अधिकार पार्टी के प्रत्याशी को महंगा पड़ गया। उड़न दस्ता व पुलिस की संयुक्त टीम ने जहां प्रचार वाहन को पकड़कर सीज कर दिया वहीं प्रत्याशी के विरूद्ध चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है। शनिवार की दोपहर बाद उप जिलाधिकारी विवेक मिश्र के निर्देशन में उड़न दस्ते के प्रभारी व बाल विकास परियोजना अधिकारी बलराम सिंह व प्रभारी निरीक्षक परमानंद ने पुलिस बल के साथ नगर के जमालपुर चैराहा के निकट चुनाव आयोग के रोक के बाद भी प्रचार वाहन के चारों तरफ फ्लैश बोर्ड लगाकर जन अधिकार मंच का प्रचार कर रही मैजिक को अधिकारियों ने अभिरक्षा में ले लिया और वाहन को सीज करते हुए जन अधिकार मंच के प्रत्याशी प्रेम प्रकाश मौर्य पुत्र रामदुलार मौर्य निवासी नत्थूपुर लौधना थाना जैतपुर के विरूद्ध चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। गौरतलब है कि सप्ताहभर पूर्व प्रशासन से बिना अनुमति से अवैध कार्यालय खोलने व प्रचार सामग्री बरामद हुई थी जिसमें मुकदमा दर्ज हुआ था। जांच अधिकारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि सप्ताह भर पूर्व दर्ज मुकदमें में चार्जसीट कोर्ट में दाखिल कर दी गयी है।
दलित युवती के साथ सामूहिक दुराचार, मुकदमा दर्ज
आलापुर, अम्बेडकरनगर। दबंग युवकों ने दलित युवती के साथ सामूहिक दुराचार किया। मामले की सूचना जब इलाकाई पुलिस को दी गई तो पहले पुलिस हीला-हवाली करती रही। बाद में उच्चाधिकारियों के दबाव में मामला पंजीकृत किया। हालांकि आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके। थानाध्यक्ष अनिल यादव ने मामला दर्ज होने की पुष्टि किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव निवासी राम अजोर पुत्र बनवारी ने थानाध्यक्ष को तहरीर देकर गांव के ही दबंग उपेन्द पुत्र महेश व इन्द्रजीत पुत्र बनवारी पर अपनी पुत्री के साथ दुराचार का आरोप लगाया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि युवती जब शौच के लिए शुक्रवार की शाम बाहर गई तो दबंगों ने उसे सरसों के खेत में खींचकर जबरिया दुराचार किया। बाद में जब वह खून से लथपथ घर पहुंची तब परिजनों को इसकी जानकारी हुई। मामले की सूचना पर पहले तो पुलिस हीला हवाली करती रही लेकिन बाद में उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद मामला पंजीकृत कर लिया। पुलिस ने राम अजोर पुत्र बनवारी की तहरीर पर उपेन्द्र पुत्र महेश व इन्द्र जीत पुत्र रामलौट पर मामला पंजीकृत कर लिया है।
सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारम्भ
अम्बेडकरनगर। स्थानीय बीएनकेबी पीजी कालेज अकबरपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना की सात दिवसीय विशेष शिविर का शनिवार को समारोह पूर्वक उद्घाटन सम्पन्न हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि प्रो0 डा0 धर्मदेव पांडेय रहे तथा अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो0 डा0 अजीत कुमार सारस्वत ने की तथा मंच संचालन का कार्य डा0 ओम प्रकाश त्रिपाठी ने की। इसके अलावां समारोह में डा0 रामाचार्य मिश्र, डा0 सत्यप्रकाश त्रिपाठी, डा0 अर्चना पाठक, डा0 श्वेता रस्तोगी, कार्यालय अधीक्षक जितेन्द्र कुमार वर्मा, अभिनव श्रीवास्तव, विश्व दीपक उपाध्याय, आदि समारोह में उपस्थित रहे। यह जानकारी रा0से0यो0 के कार्यक्रमाधिकारी डा0 जयमंगल पांडेय ने दी।
आनंद हुए सपा के हमराही
आलापुर, अम्बेडकरनगर। आलापुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को उस समय तगड़ा झटका लगा जब स्नातक बेरोजगार एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष एवं कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह राणा ने अपने सभी समर्थकों एवं संगठन के साथ समाजवादी पार्टी को समर्थन देने का एलान किया। नरियांव गांव निवासी आनंद सिंह राणा ने शनिवार को आलापुर के रामनगर पार्टी कार्यालय पर कैबिनेट मंत्री अहमद हसन के समक्ष समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा महज भाईचारे को बिगाड़ने में जुटी रहती है। समाजवादी पार्टी में सभी का मान सम्मान सुरक्षित है। ऐसे में उन्होंने सपा की सदस्यता ग्रहण किया है। आनंद सिंह राणा के सपा में शामिल होने से आलापुर में भाजपा को तगड़ा झटका लगा है।
अखिलेश व राहुल का गठबंधन, ठग बंधन: शशि भूषण
अम्बेडकरनगर। शुक्रवार को कटेहरी विधानसभा के पहितीपुर बाजार में भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शशि भूषण सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य अभिमन्यु अग्रहरि, सुभाष वर्मा, सोनू अग्रहरि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। पहितीपुर बाजार में बैठक को भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शशि भूषण सिंह, अभिमन्यु अग्रहरि स्थानीय बूथ अध्यक्ष ने पहितीपुर की जनता को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए शशि भूषण सिंह ने गठबंधन को अखिलेश और राहुल का ठग बंधन बताकर जबरदस्त प्रहार किया। मायावती को भी बताया कि जिसने अपना पैसा नहीं बचा पाया वो जनता की क्या सेवा करेंगे। उन्होने बताया कि यदि बीजेपी की सरकार आती है तो कटेहरी में विकास की गंगा बहेगी। अभिमन्यु अग्रहरि ने मोदी के द्वारा चलाये गये योजनाओं के बारे में पूर्ण रूप से बताया और कहा कि जो सरकार प्रदेश में रह कर जनता के लिए कुछ नहीं कर सकी है तो वो आगे क्या कर पायेगी। जबकि मोदी ने गैस कनेक्शन से लेकर जन-धन योजना आदि जैसे लाभ जनता को पहुंचाया है। ऐसे भारतीय जनता पार्टी को प्रदेश में और विकास की गंगा बहाये।
अधिकारियों ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा
अम्बेडकरनगर। रविवार को भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली सांसद भोजपुरी गायक मनोज तिवारी कटेहरी में स्थित रामलीला मैदान में आयेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा स्थल का जायजा लेने पीडब्ल्यूडी के एई पहुंचे और साथ में संजय सिंह मौजूद रहे। जनसभा स्थल पर तैयारियां जोरों पर है। पूरे बाजार में सांसद मनोज तिवारी के आने से खुशी व्याप्त है। यह जानकारी क्षेत्र पंचायत सदस्य कटेहरी, अभिमन्यु अग्रहिर ने दिया।
राम नाम ही संसार का सार
जलालपुर, अम्बेडकरनगर। राम नाम ही संसार का सार है, वहीं नीति में निपुण है, वहीं विद्वान ह,ै जिसका मन एक मात्र राम के चरणों में अनुरक्त है, वही भक्ति सार्थक है, जो राम के प्रति है, स्वर्ग की कामना ही मोह का मूल है, परमात्मा का चिंतन ही परमार्थ है, भक्ति में स्वार्थ वा लालच बाधक है। उक्त बातें रीवा मध्य प्रदेश से पधारी साध्वी सरस्वती ने ब्रह्म धाम मधुपुर में आयोजित रामकथा के प्रथम दिन कही। उन्होंने कहा कि विधाता का प्रपंच गुण और अवगुणों से सना है। पाप पुण्य जीवन मरण आदि ही विधाता का प्रपंच है जिस माया के वशीभूत जीव नाचता है वही परमात्मा की दासी है। मायाराम के कृपा के बिना नहीं छूट सकती काल सबके ऊपर मडरा रहा है। देवता, मनुष्य कोई भी उससे नहीं बचते इसलिए सबके स्वामी राम की शरण में जाना चाहिए। साध्वी ने कहा कि जिस के हृदय में राम का निवास होता है उसका विनाश नहीं होता। इसलिए अविनाशी राम के शरण में जाना चाहिए परमात्मा में श्रद्धा स्थिर होने पर ही सफलता मिल सकती है जिसके हृदय में भगवान का निवास होता है। उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इसलिए मन वचन क्रम से परमात्मा के प्रति समर्पित होने की आवश्यकता है। इस अवसर पर हौसिला प्रसाद मिश्र, त्रिशूलधारी पाठक, भैरव पाठक, डॉक्टर अवधेश शुक्ल, डॉक्टर ओपी त्रिपाठी, अशोक पांडे आदि ने कथा व्यास एवं समस्त आगंतुकों का स्वागत किया।

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *