अम्बेडकरनगर के समाचार अनंत कुशवाहा के संग

कार्यकर्ताओं की उपेक्षा के चलते भंवर में फंसी भाजपा की नाव
त्रिकोणात्मक संघर्ष में फंसा है जलालपुर का चुनावी समीकरण
मनीष मिश्र
जलालपुर, अम्बेडकरनगर। मतदान की तिथि ज्यो-ज्यो नजदीक आती जा रही है,चुनावी माहौल गरमाता जा रहा है। जलालपुर विधान सभा क्षेत्र मंे चुनावी समीकरण किस करवट बैठेगा, इस विषय में कुछ भी निष्कर्ष निकालना अभी जल्दबाजी होगा लेकिन इतना तो तय है कि जलालपुर विधान सभा क्षेत्र में त्रिकोणात्मक संघर्ष होना तय है।

यहां से भाजपा ने निवर्तमान विधायक शेर बहादुर सिंह के पुत्र राजेश सिंह पर दांव तो लगा दिया है लेकिन पार्टी का यह दांव बेहद कठिन साबित हो रहा है। सपा छोड़कर भाजपा में आये शेर बहादुर सिंह व् उनके पुत्र को भाजपाई हजम नही कर पा रहे हैं। प्रत्याशी की उपेक्षा पूर्ण कार्यप्रणाली के कारण पार्टी कार्यकर्ताओ में जंहा जबर्दस्त रोष देखा जा रहा है वंही भाजपा के परंपरागत मतदाता भी अब अन्य विकल्पों की तलाश में जुटे देखे जा रहे हैं। स्थिति यह है कि भाजपा के कैडर के कार्यकर्ता भी चुनाव प्रचार से मुंह मोड़ कर बैठे हुए हैं। कुछ चुनिंदा भाजपाइयों का कहना है कि लोगों ने राजनीति को व्यापार बना लिया है और पार्टी भी ऐसे ही लोगो का साथ दे रही है। इससे साफ जाहिर है लोग प्रत्याशी के रूप में राजेश को पचा नही पा रहे है। दूसरी तरफ भाजपा के सहयोगी दल के रूप में माने जाने वाले भासपा से टिकट की दावेदारी करने वाले अवधेश सिंह भी सपा खेमे से जा मिले हैं। उन्हें सपा के पक्ष में माना जा रहा है जो भाजपा के लिए नुकसान दायक साबित हो रहा है। भासपा राजभर मतो को भी भाजपा की तरफ मोड़ पाने में सफल नही हो पा रही है। यही नही, ब्राह्मण मतदाता भी भाजपा के विकल्प के रूप में अन्य पार्टी की तरफ रुख करता देखा जा रहा है। कमोवेश यही स्थिति बहुजन समाज पार्टी के सामने भी आ रही है। यहां पर पार्टी के कार्यकर्ता तो बसपा प्रत्याशी के पक्ष में रात दिन एक किये हुए है लेकिन निषाद मतों का बसपा से दूर जाना पार्टी नेताओं को काफी अखर रहा है। बसपा इस कमी को प्रत्याशी रितेश पांडेय के सजातीय मतों को अपने पाले में करके पूरा करना चाह रही है जिसमें उसे काफी हद तक सफलता भी मिलती देखी जा रही है। बसपा का अपने परम्परागत मतो के साथ-साथ यहां पर अल्पसंख्यक मतदाताओं पर भी खासा प्रभाव देखा जा रहा है। समाजवादी पार्टी यहां पर त्रिकोणात्मक संघर्ष की स्थिति उत्पन्न कर रही है। सपा के परम्परागत मतदाताओं के अलावां निषाद मतों का बसपा से हटकर सपा से जुड़ना पार्टी को मुख्य लड़ाई में पहुंचा रहा है। कुल मिलाकर यहां पर कोई भी पार्टी अपने मतदाताओं को एक जुट रख पाने में सफल नहीं हो पा रही है। इन सबके बीच यहां पर भाजपा का कमल खिल सकेगा अथवा सपा की साइकिल दौडे़गी या बसपा का हाथी चीत्कार करेगा, यह कह पाना बेहद कठिन साबित हो रहा है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवकों की मौत
बारात से लौट रहे थे दोनो युवक
अम्बेडकरनगर। शुक्रवार की सुबह हुयी एक बड़ी सड़क दुर्घटना में ट्रक की टक्कर से मोटर साइकिल सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी। सुबह सुबह हुयी इस दुर्घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत फरार हो गया। दुर्घटना में मृत दोनो युवक एक बारात से वापस लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार कलवरिया निवासी अजीत वर्मा व् रुस्तमपुर निवासी आदित्य वर्मा गुरुवार को सद्दरपुर में एक बारात में शामिल होने गये थे।शुक्रवार की सुबह दोनो वापस घर लौट रहे थे।अलीगंज बरुआ जलाकी मार्ग पर पाकीजा राईस मिल के निकट सामने से आ रही ट्रक की टक्कर से दोनो युवक गम्भीर रूप घायल हो गए।थोड़ी ही देर में मोटर साईकिल चला रहे अजीत की मौके पर ही मृत्यु हो गयी जबकि आदित्य ने जिला चिकित्सालय में दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री लालजी वर्मा ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना प्रदान की।पुलिस ने दोनों शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।
सड़क दुर्घटनाओं में तीन घायल
अम्बेडकरनगर। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेन्स के जरिए उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। जानकारी के अनुसार भीटी थानान्तर्गत खजुरी निवासी सपा नेता अवधराज यादव (40) पुत्र स्व0 हृदयलाल यादव गुरूवार की शाम मोटर साइकिल से चुनावी प्रचार-प्रसार करके वापस घर लौट रहे थे। अढ़नपुर बाजार के निकट अचानक सामने आये साइकिल सवार युवक को बचाने के प्रयास में गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेन्स के जरिए उन्हे जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया जहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने उसे हायर सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। वहीं दूसरी सड़क दुर्घटना में सम्मनपुर थानान्तर्गत सुल्तानपुर तुलसीपुर निवासी दीपक कुमार (25) पुत्र कोदई दूवे गुरूवार की शाम अपने घर से मोटर साइकिल से गांव के निकट बाजार में जाते समय पीछे से आ रही अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गये। अन्य सड़क दुर्घटना में अकबरपुर थानान्तर्गत कमालपुर निवासी फूलचन्द (25) पुत्र रामलौट गुरूवार की शाम कहीं जाते समय गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया।
व्यय रजिस्टर की जांच के लिए तिथि निर्धारित
अम्बेडकरनगर। विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के व्यय रजिस्टर की जांच का काम तेजी के साथ किया जा रहा है। व्यय रजिस्टरों की जांच के लिए वरिष्ठ कोषाधिकारी जगरोपन राम की निगरानी में कई टीमें कोषाधिकारी कार्यालय में कार्य कर रही है। व्यय रजिस्टरों की जांच शनिवार के अलावां 21 और 25 फरवरी को वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय में किये जाने की तिथि निर्धारित की गयी है। इस दौरान किये जा रहे कार्याें का व्यय प्रेक्षक शिवानंद कलकरी ने कोषाधिकारी कार्यालय पहुंचकर निरीक्षण किया। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि सभी विधानसभाओं के सभी प्रत्याशियों के व्यय रजिस्टर की निगरानी के लिए टीमें गठित की गयी है। व्यय प्रेक्षक शिवानंद के नियंत्रण में शनिवार के अलावां आगामी दो दिनों में सभी प्रत्याशियों के व्यय रजिस्टर की निगरानी की जायेगी।
रामलाल व कृष्ण गोपाल ने की चुनावी अभियान की समीक्षा
वरिष्ठ नेताओं का दौरा चुनावी समर के लिए बेहद महत्वपूर्ण
अम्बेडकरनगर। भारतीय जनता पार्टी व आरएसएस के दो शीर्षस्थ नेताओं ने जिले में पहुंचकर चुनाव अभियान की समीक्षा की। पार्टी नेताओं ने जिला मुख्यालय पर तमसा मार्ग पर स्थित भाजपा नेता डा0 रमेश चन्द्र पाठक के आवास पर आयोजित बैठक मंे पार्टी नेताओं, विधानसभा प्रभारियों व चुनाव समन्वयको को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में कुछ प्रत्याशियों को भी बुलाया गया था।
जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह सर कार्यवाह डा0 कृष्ण गोपाल जी शुक्रवार को दोपहर जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होने भाजपा जिलाध्यक्ष शिवनायक वर्मा समेत चुनाव अभियान से जुडे़ अन्य पार्टी नेताओं से चुनावी गति विधियों की जानकारी हासिल की। इसके उपरान्त वरिष्ठ नेताओं ने तमसा मार्ग पर बैठक आयोजित कर अब तक के चुनावी अभियान की जानकारी ली। समझा जाता है कि वरिष्ठ नेताओं के इसी दौरे के बाद भाजपा के स्टार चुनाव प्रचारको की सभाओं का कार्यक्रम निश्चित होगा। गौरतलब है कि रामलाल भाजपा के उन बड़े नेताओं में शामिल है जो पार्टी के संगठन का कार्य राष्ट्रीय स्तर पर देख रहे है। जिले में उनके दौरे को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके अलावां बिहार प्रदेश के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रत्नेश सिंह ने भी मुबारकपुर टाण्डा में आयोजित बैठक में भाग लेकर चुनावी अभियान की अब तक की जानकारी हासिल की। इसके साथ ही भाजपा ने अन्य बड़े नेताओं की भी भारी भरकम फौज चुनावी समर में उतार दी है। इनमें विभिन्न प्रदेशों के बड़े पदाधिकारी व सांसद शामिल हैं।
मान्यता मिलने पर किया खुशी का इजहार
राजेसुल्तानपुर, अम्बेडकरनगर। स्थानीय शिक्षण संस्था गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, राजेसुल्तानपुर को माध्यमिक शिक्षा परिषद से इंटर स्तर पर विज्ञान वर्ग सहित गृह विज्ञान एवं समाज शास्त्र की भी मान्यता प्रदान किये जाने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी का इजहार किया है। ज्ञातव्य है कि वर्ष 1948 में स्वाधीनता सेनानियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से स्थापित उक्त संस्था कला वर्ग में जिले की अग्रणी केंद्र है। परन्तु विज्ञान वर्ग की मान्यता न होने से स्थानीय छात्रों को दर-दर भटकना पड़ता है। विद्यालय को विज्ञान वर्ग की नवीन मान्यता मिलने पर प्रधानाचार्य जय प्रकाश सिंह एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलामंत्री उदयराज मिश्र ने माध्यमिक शिक्षा परिषद को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बेहतर अध्ययन अध्यापन हेतु प्रतिबद्धता जताई है।
नहीं जुट सकी अपेक्षित भीड़
नेताओं के माथे पर दिखी चिंता की लकीरे
आलापुर, अम्बेडकरनगर। बहुजन समाज पार्टी द्वारा आयोजित जनसभा कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ न जुट पाने के कारण पार्टी नेताओं के माथे पर चिंता की लकीरें खिंचती नजर आई। ऐसे में जनसभा कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के अपेक्षित भीड़ न जुटना मुख्य अतिथि को भी परेशान कर गया। फिलहाल आलापुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में आगामी नौ मार्च को मतदान होना है। शुक्रवार को बसपा द्वारा देवरिया बाजार में आयोजित जनसभा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे बसपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद सतीश मिश्रा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे लेकिन जब भीड़ की तरफ उनकी निगाहें जाती तो चिंता की लकीरें बन जा रही थी। फिलहाल कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ न जुट पाना चर्चा का विषय बना हुआ है।
संगीता के प्रत्याशी बनने पर सियासी मुकाबला दिलचस्प
जनसम्पर्क में जुटी संगीता
आलापुर, अम्बेडकरनगर। आलापुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी द्वारा स्वर्गीय चंद्रशेखर कन्नौजिया की पत्नी संगीता कन्नौजिया को सपा प्रत्याशी बनाए जाने से सियासी मुकाबला काफी दिलचस्प होता जा रहा है। संगीता कन्नौजिया जहां अपने समर्थकों वरिष्ठ सपा नेत्री विद्या सिंह भारती, ब्लाक प्रमुख संगीता देवी, रीता समेत कई अन्य महिला समर्थकों की टीम के साथ गांव-गांव जाकर लोगों के बीच जनसंपर्क में जुटी हुई है। वही संगीता के समर्थन में समाजवादी पार्टी आलापुर के कार्यकर्ता काफी एकजुट नजर आ रहे हैं। जन भावनाओं एवं जन चर्चाओं पर यदि गौर करें तो संगीता कन्नौजिया को सहानुभूति भरपूर मिल रही है। वही संगीता कन्नौजिया को कामयाब बनाने के लिए आलापुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ सपा नेता बलिराम युवजन सभा के जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य प्रदुमन यादव बब्लू, ब्लाक प्रमुख धर्मराज यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख हीरालाल यादव, इन्तखाब आलम, मोहम्मद मोबीन, रामअचल यादव, रजनीकांत, नीरज, सर्वेश, जयपाल, विश्वनाथ, हेमंत, अनुज, शैलेन्द्र, युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष पतिराम यादव, अखिलेश यादव, पपलू, सुनील मौर्य, प्रेम नारायण यादव, जितेंद्र सिंह, दीपक कुमार, वेद प्रकाश, बसंत, सविंदर समेत अन्य समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता टीम बनाकर जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। फिलहाल आलापुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में सपा द्वारा संगीता कन्नौजिया को उम्मीदवार बनाये जाने से सियासी मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है।
भगवत कथा से होता है मन पवित्र
जलालपुर, अम्बेडकरनगर। श्रद्धा विश्वास से ही कथा श्रवण का लोभ प्राप्त हो सकता है जिस प्रकार स्नान से शरीर शुद्ध होता है उसी प्रकार भगवान की कथाएं मन को पवित्र कर देती है। अभिमान ही नाश का कारण है क्योकि जिसके हृदय में अभिमान होता है उसके हृदय में भगवान का निवास नहीं होता है। उक्त बाते वाराणसी से पधारे गणेश जी महाराज ने सुल्तानगढ़ स्थित तमसा तट पर आयोजित रूद्र महायज्ञ के अवसर पर शिवपुराण कथा रस का पान कराते हुए कही। उन्होने कहा कि भगवान शिव आदि देव है इनका स्वरूप ही कल्याणकारी है। जब भगवान विष्णु एवं ब्रह्मा में अपने को श्रेष्ठ मानने का अभिमान हुआ तो भगवान शिव ने उनका अभिमान समाप्त करने के लिए एक स्तम्भ का निर्माण किया जिसका आदि एवं अंत भगवान विष्णु व ब्रह्मा नहीं जान सके और अभिमान समाप्त हुआ। कथा व्यास ने कहा कि कथा श्रवण, दान एवं पुण्य योग साधना में अभिमान नहीं होना चाहिए। अभिमान ज्ञान का नाशक है। अभिमान से किया गया कोई भी कार्य सार्थक नहीं होता। यदि अभिमान करना ही है तो भगवान की भक्ति में करना चाहिए। इस अवसर पर आचार्य उमा शिव पांडेय, पंडित नरेन्द्र त्रिपाठी, दिवाकर, जयराम, गीता यादव, मस्तराम प्रजापति, रामसुन्दर गुप्ता, रामआज्ञा आदि लोग उपस्थित रहे।
समाज सेवा का सशक्त माध्यम है एनएसएस
जलालपुर, अम्बेडकरनगर। राष्ट्रीय सेवा योजना समाज सेवा का सशक्त माध्यम है। इससे प्रतिभागियों में स्वावलम्बन एवं मिल जुल कर कार्य करने की भावना उत्पन्न होती है। समाज सेवा ही शिक्षा का मुख्य उद्देश्य है। यदि सेवा भावना नहीं है तो शिक्षा अधूरी होती है। उक्त बाते जनता इंटर कालेज बड़ागांव के प्रधानाचार्य दानबहादुर वर्मा ने सरदार पटेल स्मारक महाविद्यालय बड़ागांव की राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का उद्घाटन करते हुए कहीं। उन्होने कहा कि प्रतिभागियों को पूरे मनोयोग से इस कार्य को करना चाहिए और सेवा भावना को अपनाना चाहिए। इस अवसर पर अनुपम यादव व संध्या ने सरस्वती वंदना तथा नीतू यादव, चांदनी अग्रहरि, पूजा गुप्ता ने स्वागत गीत तथा शिवानी, बविता यादव, महिमा, शिवांगी व लकी आदि ने प्रेरक गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रमाधिकारी जवाहरलाल यादव, अम्बर रजा, सुभाष यादव सहित डा0 मनोज कुमार तिवारी, डा0 रामधारी यादव, ज्ञानचन्द्र गुप्ता, अनिल गौतम आदि लोग उपस्थित रहे।
छात्रा की मौत से कालेज में शोक की लहर
शनिवार को बंद रहेगा सेंट पीटर्स
अम्बेडकरनगर। नगर के संेट पीटर्स में 12वीं में पढ़ने वाली छात्रा की शुक्रवार की सुबह अचानक मौत हो गयी। मौत की सूचना जब स्कूल में पहुंची तो स्कूल में शोक की लहर दौड़ गयी। कालेज प्रशासन ने शनिवार को कालेज में अवकाश घोषित कर दिया है। जिला मुख्यालय के बस स्टेशन निवासी आलिशा (17) नगर के सेंट पीटर्स स्कूल में 12वीं की छात्रा थी। वह यलो हाउस की कैप्टन भी थी। शुक्रवार को घर पर ही उसकी अचानक मौत हो गयी। मौत की सूचना जब स्कूल में पहुंची तो शोक की लहर दौड़ गयी। शुक्रवार को स्कूल में छुट्टी होने के बाद दो मिनट का मौन रखा गया। छुट्टी के उपरान्त फादर आर्चीडिसिल्वा सहित अन्य शिक्षक मृतका के घर पहुंच कर घर वालों को सान्त्वना दी। फादर आर्चीडिसिल्वा ने बताया कि अलीशा पढ़ाई में अव्वल तो थी ही साथ-साथ कालेज के अन्य क्रिया कलापों में बढ़-चढ़ कर भाग लेती थी। वहीं कालेज के कुछ सह पाटियो का रो-रो कर बुरा हाल था।
संक्षेप-
सीताष्टमी का आयोजन रविवार को
अम्बेडकरनगर। रविवार को आर्य समाज मंदिर लोहिया नगर में गत वर्षों की भांति ‘‘सीताष्टमी-उत्सव’’ मनाया जायेगा। सभी धर्म प्रेमी सज्जनों को उत्सव में पहुंचने का आहवान किया है। उत्सव के उपरान्त अन्य कार्यक्रम सम्पन्न होगा। कार्यक्रम की यह जानकारी ज्ञानप्रकाश आर्य ने दी है।
बालक झुलसा
अम्बेडकरनगर। जलालपुर थानान्तर्गत कन्नूपुर निवासी कृष्णा चार वर्ष पुत्र चन्दन शुक्रवार की सुबह अपने रसोई घर में अचानक आग की चपेट में आ जाने से गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया।

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *