वाराणसी: खतरे के निशान के पास पहुंची गंगा, शहरो में घुसा पानी, अगले 24 घंटे अहम

ईदुल अमीन/अजीत शर्मा
वाराणसी: पहाड़ी इलाको में हो रही बारिश के कारण तथा गंगा की सहायक नदियों द्वारा पानी छोड़े जाने के कारण लगातार गंगा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। बताते चले कि गंगा का जलस्तर अब बड़ी ही तेज़ी से लाल निशान की ओर बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार गंगा का जलस्तर सुबह आठ बजे 70.86 मीटर पर पहुंच गया। गंगा अब खतरे के निशान 71.26 मीटर से 40 सेंटीमीटर नीचे है। गौरतलब हो कि गंगा ने गुरुवार को दोपहर एक बजे ही चेतावनी बिंदु (70.26 मीटर) को पार कर लिया था। रात आठ बजे गंगा का जलस्तर लाल निशान से महज 76 सेंटीमीटर दूर था। वहीं तेज रफ्तार से बढ़ता जलस्तर गंगा घाटों को पूरी तरह जलसमाधि देकर अब शहरी आबादी की ओर घुसने लगा है।

अस्सी घाट पर पानी पहले ही सड़क पर भर चुका था। बाढ़ का नजारा देखने के लिए तमाशबीनों की भीड़ को पुलिस लगातार खदेड़ती रही। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार जलस्तर में फिलहाल कमी संभव ही नहीं है, क्योंकि गंगा और उसकी सहायक नदियों में लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इसकी वजह से कभी तेज तो कभी मध्यम रफ्तार से गंगा के जलस्तर में बढ़ाव दर्ज की गयी है जो अपने वास्तविक स्तर से बहुत ज्यादा है। जलस्तर में बढ़ाव के लिए शुक्रवार का दिन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चूंकि बांधों से बड़ी मात्रा में जलराशि छोड़ा जा रहा है जो गंगा के प्रवाह पथ में प्रयागराज होते हुए काशी पहुंचेगा और इससे जलस्तर बढ़कर शहर की घनी आबादी में घुस जाएगा।












