राहुल गांधी ने वीडियो जारी कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कहा ‘बब्बर शेर’, आखिरी मिनट तक पोलिंग बूथ पर नज़र रखने की दिया सलाह

तारिक़ खान
डेस्क: लोकसभा चुनाव के आख़िरी चरण का प्रचार थमने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भरोसा जताया है कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे आख़िरी समय तक पोलिंग बूथ और स्ट्रॉन्ग रूम पर नज़र जमाए रखे। राहुल गांधी ने वीडियो संदेश जारी करके कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बब्बर शेर बताया है।

राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं गठबंधन के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल से धन्यवाद देता हूं जो देश के संविधान और संस्थाओं को बचाने के लिए बिना झुके खड़े रहे। हम जनता से जुड़े हुए वास्तविक मुद्दों पर चुनाव लड़ने में सफल रहे और प्रधानमंत्री के बार-बार भटकाने के प्रयास के बावजूद किसानों, मज़दूरों, युवाओं, महिलाओं और वंचितों की आवाज़ उठाई। हम ने मिलकर वैकल्पिक विज़न के रूप में हर वर्ग का जीवन बदलने वाली क्रांतिकारी गारंटियां देश के सामने रखीं और अपना संदेश कोने कोने तक पहुंचाया।’











