बोली सांसद प्रियंका गांधी ‘भाजपा के लोग सेना का अपमान कर रहे है’

आदिल अहमद
डेस्क: मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के सेना पर दिए गए बयान पर कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी ने प्रतिक्रिया दी। केरल के वायनाड से कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘बीजेपी के नेताओं की ओर से लगातार हमारी सेना का अपमान अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। पहले मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने महिला सैनिकों पर अभद्र टिप्पणी की और अब उनके उप मुख्यमंत्री ने सेना का घोर अपमान किया है।’

बताते चले कि जगदीश देवड़ा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो कहते सुनाई पड़ रहे हैं, ‘यशस्वी प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे। पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक…., उनके चरणों में नतमस्तक हैं। उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है। उन्होंने जो जवाब दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए, जितना कहा जाए, एक बार उनके लिए जोरदार तालियां बजाकर स्वागत करिए।’










