दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला, आरोपी हिरासत में

ईदुल अमीन
डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह उनके आवास पर जनसुनवाई के दौरान हमले की कोशिश हुई। घटना उस समय हुई जब एक शख़्स अपनी शिकायत लेकर सीएम से मिलने पहुंचा।
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि आरोपी ने पहले कागज़ात सीएम गुप्ता के सामने रखे और फिर उनका हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की। इस दौरान हल्की धक्का-मुक्की हुई, जिसके तुरंत बाद सुरक्षा कर्मियों ने हमलावर को काबू में कर लिया।
सचदेवा ने कहा, ‘पत्थरबाज़ी या थप्पड़ मारने जैसी बातें बेबुनियाद हैं। संभव है कि धक्का-मुक्की के दौरान टेबल का कोना सीएम गुप्ता के सिर पर लगा हो। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वह अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद सुरक्षित हैं।’
घटना पर कांग्रेस सांसद एम. टैगोर ने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा दिल्ली पुलिस की जिम्मेदारी है और उसे अपनी भूमिका निभानी चाहिए। शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इसे शर्मनाक और दुखद बताया। वहीं, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि इस घटना ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना की जांच जारी है।












