चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को भेजा जवाबी पत्र, कहा– वोटर लिस्ट में धांधली के आरोप गुमराह करने वाले, नियमों के तहत दीजिए शिकायत

इदुल अमिन
डेस्क: भारतीय निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए वोटर लिस्ट में धांधली के आरोपों को ‘गुमराह करने वाला’ बताया है। आयोग ने राहुल गांधी से कहा है कि यदि उनके पास इस संबंध में कोई ठोस जानकारी है, तो वे इसे कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखित में दें। राहुल गांधी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान दावा किया कि चुनावों के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई इलाकों में अपात्र मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, जबकि कई पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं।
इसके जवाब में कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राहुल गांधी को एक पत्र भेजा है। इस पत्र में लिखा है, ‘प्रेस कॉन्फ़्रेंस में आपने मतदाता सूची में अपात्र लोगों के नाम शामिल होने और पात्र लोगों के नाम हटाए जाने का आरोप लगाया है। आपसे अनुरोध है कि मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 20(3)(बी) के तहत शपथ पत्र के साथ ऐसे नामों की जानकारी साझा करें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।’
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कांग्रेस पार्टी की ओर से मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात के लिए समय मांगा गया था, जिसके तहत 8 अगस्त को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक का समय तय किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 और मतदाता पंजीकरण नियम 1960 के तहत, और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पारदर्शी प्रक्रिया से तैयार की जाती है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी को नवंबर 2024 और जनवरी 2025 में मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई थी।
चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी को चुनाव प्रक्रिया पर आपत्ति है, तो उसे हाई कोर्ट में चुनाव याचिका के माध्यम से चुनौती दी जा सकती है।











