मेरठ: छात्रा से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, आरोपी शाहरुख गिरफ्तार

आफताब फारूकी
डेस्क: मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में छात्रा से छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, खड़ौली निवासी शाहरुख पिछले छह महीने से कॉलेज जाने वाली छात्रा को परेशान कर रहा था और उस पर जबरन दोस्ती का दबाव बना रहा था। मार्च महीने में उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर छात्रा का अपहरण करने की भी कोशिश की थी।
ताज़ा मामला 25 अगस्त का है, जब पीड़िता अपने भाई के साथ एक मोबाइल दुकान पर गई थी। इसी दौरान शाहरुख वहां पहुंचा और सार्वजनिक रूप से उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना की जानकारी युवती ने घर जाकर परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने वीडियो पुलिस को सौंपते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई की है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।











