कीनिया में भीषण बस हादसा: अंतिम संस्कार से लौट रहे 25 लोगों की मौत, 20 घायल

आदिल अहमद
डेस्क: कीनिया में एक दर्दनाक बस हादसे में 25 लोगों की जान चली गई और 20 लोग घायल हो गए। हादसे के शिकार सभी लोग एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार से लौट रहे थे। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार दोपहर किसुमू-काकामेगा हाईवे पर चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सड़क से उतरकर खाई में पलट गई।
घटनास्थल पर ही 10 महिलाएं, 10 पुरुष और एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि इस इलाके में सड़क हादसों की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। माना जा रहा है कि मृतकों में ज्यादातर एक ही परिवार के सदस्य थे।









