भारत-अमेरिका टैरिफ विवाद: शशि थरूर बोले – अगर ट्रंप ने बदला रवैया, तो भारत को भी अपनाने होंगे विकल्प

आफताब फारुकी
डेस्क: कांग्रेस सांसद डॉ. शशि थरूर ने शुक्रवार को भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते टैरिफ विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह मुद्दा बातचीत के माध्यम से सौहार्दपूर्वक सुलझा लिया जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने के चलते भारत पर अतिरिक्त 25% आयात शुल्क लगाने की घोषणा की है। ट्रंप ने इस निर्णय को राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति से जुड़ी चिंताओं के आधार पर उचित ठहराया है।
संसद परिसर के बाहर मीडिया से बात करते हुए थरूर ने कहा, ‘अगर एक ऐसा देश, जिसके साथ हमारे रणनीतिक और घनिष्ठ रिश्ते रहे हैं, अपना रुख बदल रहा है, तो भारत को भी अपनी नीतियों की समीक्षा करनी होगी।’
उन्होंने संकेत दिया कि ट्रंप की यह घोषणा हो सकता है एक बातचीत की रणनीति हो, क्योंकि ट्रंप की ‘सौदेबाजी की शैली’ अक्सर आक्रामक होती है। थरूर को भरोसा है कि अगले 2-3 हफ्तों में दोनों देशों के बीच संवाद से समाधान निकल सकता है। गुरुवार को थरूर ने सुझाव दिया था कि यदि अमेरिका भारत पर अतिरिक्त शुल्क लगाता है, तो भारत को भी अमेरिकी वस्तुओं पर टैरिफ 50% तक बढ़ा देना चाहिए। उन्होंने इसे पारस्परिक प्रतिक्रिया नीति का हिस्सा बताया, जिससे भारत अपनी स्थिति मजबूत कर सके और अमेरिका पर दबाव बनाया जा सके।
रूस से तेल खरीदने को लेकर अमेरिका की आपत्ति ऐसे समय आई है जब वैश्विक राजनीति में उथल-पुथल है। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका द्वारा भारत पर लगाया गया टैरिफ केवल व्यापारिक निर्णय नहीं, बल्कि भू-राजनीतिक संदेश भी है।











