दहशत के साये में इंसाफ की दस्तक: बेल्थरारोड हत्याकांड के बाद एक्शन में DIG, पीड़ित परिवार से मिलकर बंधाया भरोसा

उमेश गुप्ता
बिल्थरारोड (बलिया): उभांव थाना क्षेत्र में इन दिनों बेल्थरारोड गोलियों की गूँज खौफ और मातम के बीच जी रहा है। 13 दिसंबर की शाम राहुल यादव उर्फ आयुष की सरेआम गोली मारकर हत्या और उसके बाद घायल समीर की इलाज के दौरान मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस दोहरे हत्याकांड से न सिर्फ़ इलाके में दहशत का माहौल है, बल्कि आम लोगों में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े हो गए हैं।

एक बेबस पिता के आंसू और इंसाफ की गुहार ने मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आँखें नम कर दीं। डीआईजी सुनील कुमार ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून अपना काम करेगा और दोषियों को सख्त सज़ा दिलाई जाएगी।इस दौरान उनके साथ बलिया पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिवार से पूरे मामले की जानकारी ली और जांच की प्रगति से अवगत कराया।
डीआईजी के दौरे के बाद इलाके में यह संदेश गया है कि प्रशासन अब इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है। हालांकि लोगों की निगाहें अब आने वाले दिनों पर टिकी हैं क्या वाकई अपराधियों तक कानून का शिकंजा पहुँचेगा, या बेल्थरारोड का यह दर्द एक और अधूरी कहानी बनकर रह जाएगी।










