अवैध खनन रोकने गए सिख समाज के लोगों का आरोप ‘खनन माफिया ने किया हम पर हमला’, दोनों पक्षों के द्वारा सौंपा गया ज्ञापन

फारुख हुसैन
पलिया कलां (खीरी): जिले के पलिया कोतवाली क्षेत्र में बीती देर शाम शारदा नदी पर चल रहे कथित अवैध खनन को रोकने का प्रयास करने वाले सिख समाज के लोगों और स्थानीय किसानों पर खनन माफियाओं के द्वारा लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस हमले में एक सिख बुजुर्ग की पगड़ी उछाल दी गई, जिससे मामला और बिगड़ गया।

दरअसल पलिया के ग्राम अतरिया में शुक्रवार रात जब अतरिया निवासी सुरेंद्र पाल सिंह ने शारदा नदी पर कथित अवैध खनन का विरोध किया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर गांव के कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। घटना के तुरंत बाद उसी रात सिख समाज के लोग कोतवाली पहुंचे। उन्होंने एक शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
लेकिन पुलिस के द्वारा कोई कार्रवाई न होने के चलते शनिवार को तहसील दिवस के दौरान भी सिख समाज के लोग सुरेंद्र पाल सिंह के साथ उपजिलाधिकारी डॉ. अवनीश कुमार से मिले। उन्होंने एसडीएम को पूरी घटना से अवगत कराया और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
उपजिलाधिकारी डॉ. अवनीश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराकर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं दूसरी और दूसरे पक्ष ने भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एक ज्ञापन पलिया उप जिलाधिकारी अवनीश कुमार को सौंपा है । पूरे मामले की जांच कर उचित कार्यवाही की मांग की है।










