गाजियाबाद में ‘हथियार’ बांटने पर हिंदू रक्षा दल के खिलाफ बड़ा एक्शन: पिंकी चौधरी समेत 16 नामजद; 10 आरोपी गिरफ्तार, बरसे अखिलेश यादव: वीडियो शेयर कर पूछा— “सामाजिक सौहार्द के दुश्मनों पर कोई संज्ञान लेगा?”

तारिक आज़मी

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ‘हिंदू रक्षा दल’ द्वारा घर-घर जाकर हथियार बांटने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए 16 नामजद और 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

पिंकी चौधरी का वीडियो हुआ था वायरल: यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी का एक वीडियो सर्कुलेट हुआ। इस वीडियो में कथित तौर पर पिंकी चौधरी को समर्थकों के साथ तलवारें और अन्य हथियार बांटते हुए दिखाया गया था। वीडियो सामने आते ही कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे, जिसके बाद शालीमार गार्डन पुलिस ने जांच शुरू की।

अखिलेश यादव का कड़ा प्रहार: अखिलेश यादव ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि जो लोग हिंसक विचार और हथियार घरों तक पहुँचा रहे हैं, वे देश की एकता के दुश्मन हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा:

हिंसक विचार से लेकर हिंसक हथियार तक, लोगों के घरों तक पहुंचाने वाले, देश की एकता और सामाजिक सौहार्द के दुश्मनों के ख़िलाफ़ कोई संज्ञान लेने वाला है क्या? हिंसा असभ्य लोगों और कमज़ोर होती सत्ता की निशानी होती है।”

https://twitter.com/yadavakhilesh/status/2005932102450401281?s=20

क्या है वीडियो में? अखिलेश यादव द्वारा साझा किए गए वीडियो में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता शालीमार गार्डन इलाके में घर-घर जाकर तलवारें और अन्य हथियार बांटते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने यूपी पुलिस को टैग कर कार्रवाई की मांग की थी।

एसीपी अतुल कुमार सिंह का बयान: एसीपी (ACP) शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया के जरिए इस गतिविधि की जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा:

“जांच में पाया गया कि खुलेआम हथियार दिखाए और बांटे जा रहे थे, जो कानून का सीधा उल्लंघन है। इसके आधार पर 16 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी की तलाश जारी है।”

बर्दाश्त नहीं होगी गुंडागर्दी‘: पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि समाज में डर का माहौल बनाने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसीपी ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो या पोस्ट शेयर करने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। अगर जांच में किसी की संलिप्तता उकसाने या माहौल बिगाड़ने में पाई गई, तो उनके खिलाफ भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी: नामजद आरोपियों में से जो लोग फिलहाल फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *