अवैध खनन का विरोध करने पर किसानों से मारपीट प्रकरण में तहसील घेराव की चेतावनी

फारुख हुसैन
पलिया कलां खीरी: पलिया तहसील क्षेत्र के ग्राम अतरिया के निकट अवैध खनन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार 19 दिसंबर की रात करीब 9 बजे क्षेत्र में खुलेआम अवैध खनन किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर किसान मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पीड़ित किसानों ने तहसीलदार पलिया ज्योति वर्मा को प्रार्थना पत्र सौंपकर अवैध खनन में शामिल लोगों की गिरफ्तारी, ट्रैक्टर-ट्रॉली व मशीनरी जब्त करने, अवैध खनन पर रोक लगाने तथा लापरवाह पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 27 दिसंबर को तहसील पलिया का घेराव किया जाएगा। मामले को लेकर प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।










