क्रिसमस पर पीएम मोदी का सद्भाव संदेश: दिल्ली के कैथेड्रल चर्च पहुँचे प्रधानमंत्री, प्रार्थना सभा में हुए शामिल

मो0 कुमेल
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 25 दिसंबर की सुबह क्रिसमस के पावन अवसर पर दिल्ली के ऐतिहासिक ‘द कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन’ का दौरा किया। पीएम मोदी यहाँ आयोजित विशेष क्रिसमस सर्विस (प्रार्थना सभा) में शामिल हुए और देशवासियों को इस त्योहार की बधाई देते हुए समाज में शांति और भाईचारे की कामना की।

“दिल्ली में ‘द कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन’ में क्रिसमस की सुबह की सर्विस में शामिल हुआ। इस सर्विस में प्यार, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलका। कामना है कि क्रिसमस की यह भावना हमारे समाज में सद्भाव और भाईचारा बढ़ाए।”
तस्वीरों में दिखी श्रद्धा: पीएम मोदी द्वारा साझा की गई तस्वीरों में वे चर्च के पादरियों और वहां मौजूद लोगों के साथ शालीनता से मिलते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने चर्च की वास्तुकला की सराहना की और वहां जल रही मोमबत्तियों के बीच कुछ पल शांति से बिताए। पीएम मोदी का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब देश के अलग-अलग हिस्सों से क्रिसमस आयोजनों को लेकर कुछ विवादों की खबरें भी आई थीं, ऐसे में प्रधानमंत्री का चर्च पहुँचना ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के उनके मंत्र को पुख्ता करता है।
कैथेड्रल चर्च का महत्व: बता दें कि दिल्ली का ‘द कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन’ शहर के सबसे पुराने और भव्य चर्चों में से एक है। अपनी विशेष शांति और वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध यह चर्च राष्ट्रपति भवन के नजदीक स्थित है।











