राहुल गांधी का हमला: इंडिगो की अफ़रातफ़री BJP सरकार के ‘मोनोपॉली मॉडल’ का नतीजा…!

आफताब फारुकी
PNN24 न्यूज़, नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo Airlines) में पिछले दो दिनों से उड़ानें रद्द होने और भारी देरी के कारण मची अफरातफरी पर अब राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को इस पूरी स्थिति के लिए सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार के ‘मोनोपॉली मॉडल‘ को जिम्मेदार ठहराया है।

‘मैच-फिक्सिंग मोनोपोलो’ की कीमत चुका रहे हैं आम भारतीय
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आम भारतीय इस अव्यवस्था की कीमत चुका रहे हैं।
- विमानों का कैंसिलेशन: गुरुवार को इंडिगो की 550 से अधिक उड़ानें और शुक्रवार को 400 उड़ानें रद्द होने की खबरें आईं, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
- राहुल गांधी का आरोप: उन्होंने लिखा, “इंडिगो की दिक्कत सरकार के मोनोपॉली मॉडल की वजह से है। इसकी कीमत आम भारतीयों को चुकानी पड़ रही है – देरी, फ्लाइट कैंसिलेशन और बेबसी के तौर पर।”
- प्रतिस्पर्द्धा की मांग: राहुल गांधी का साफ इशारा था कि सरकार की नीतियों के कारण कुछ बड़ी कंपनियों का एकाधिकार (Monopoly) स्थापित हो रहा है, जिससे अन्य प्रतिस्पर्द्धी कंपनियां खत्म हो रही हैं और अंततः इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
इंडिगो ने मांगी माफ़ी
यात्रियों की लगातार शिकायतें और राजनीतिक दबाव बढ़ने के बाद, इंडिगो एयरलाइंस ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर यात्रियों को आ रही परेशानियों के लिए माफ़ी मांगी है।
एयरलाइंस ने परिचालन संबंधी समस्याओं और पायलटों की कमी को इस अव्यवस्था का मुख्य कारण बताया है। हालांकि, राहुल गांधी के इस बयान ने अब विमानन क्षेत्र के इस संकट को सरकारी नीतियों और कॉर्पोरेट एकाधिकार के मुद्दे से जोड़ दिया है।









