‘ट्रंप मादुरो को ला सकते हैं, तो आप पाकिस्तान से आतंकी क्यों नहीं?’— वेनेजुएला संकट के बीच ओवैसी का पीएम मोदी को खुला चैलेंज

संजय ठाकुर
मुंबई/नई दिल्ली: दुनिया भर में वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अमेरिका द्वारा गिरफ्तारी की चर्चा के बीच एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा निशाना साधा है। मुंबई के गोवंडी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दूसरे देश में घुसकर वहां के राष्ट्रपति को पकड़ सकते हैं, तो भारत सरकार पाकिस्तान में छिपे आतंकियों को लाने में क्यों हिचक रही है?

“हमने देखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी फौज भेजकर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उसी के देश से उठाकर अमेरिका ले आए। मोदी जी, हम आपसे कह रहे हैं कि जो मुंबई की सड़कों पर साजिश करने वाले जालिम लोग हैं, उन्हें आप पाकिस्तान में फौज भेजकर भारत लाओ।”
26/11 के गुनहगारों का किया जिक्र: ओवैसी ने आगे कहा कि जब ट्रंप वेनेजुएला से मादुरो को ला सकते हैं, तो फिर प्रधानमंत्री मोदी को भी 26/11 हमले की साजिश करने वालों को पाकिस्तान से भारत लाकर सजा देनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि भारत को भी इसी तरह की सख्त सैन्य कार्रवाई करनी चाहिए।
क्या है वेनेजुएला का मामला? ज्ञात हो कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका ने वेनेजुएला पर हमला करके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को ‘पकड़ लिया है’ और उन्हें रविवार को अमेरिका लाया गया। काराकास में हुए भीषण धमाकों के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है, जिससे वैश्विक राजनीति में हड़कंप मचा हुआ है।
राष्ट्रवाद और विदेश नीति पर वार: राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ओवैसी ने इस अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम के जरिए भाजपा के ‘मजबूत विदेश नीति’ और ‘घर में घुसकर मारने’ वाले नैरेटिव पर सवाल खड़े किए हैं। ओवैसी का यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर भाजपा की ओर से पलटवार की संभावना जताई जा रही है।










