‘मुंबई फतह’ के बाद पीएम मोदी ने फूँका बंगाल फतह का शंखनाद: बीएमसी में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत पर बोले— “अब बंगाल में बहेगी विकास की गंगा”

तारिक खान
डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बड़ा सियासी संदेश दिया है। महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों, खासकर देश के सबसे अमीर नगर निगम बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में बीजेपी-शिंदे गठबंधन की शानदार जीत के बाद पीएम मोदी ने हुंकार भरते हुए कहा कि अब ‘विकास में रुकावट’ डालने वाली टीएमसी सरकार की विदाई का समय आ गया है।

“कल ही महाराष्ट्र में शहरी निकाय चुनावों के नतीजे आए हैं। दुनिया के सबसे बड़े नगर निगमों में से एक, बीएमसी में पहली बार बीजेपी को रिकॉर्ड जीत मिली है। यह इस बात का प्रमाण है कि देश के हर वर्ग का समर्थन अब बीजेपी के साथ है।”
बीएमसी चुनाव का अंकगणित: मुंबई की 227 सीटों में से बीजेपी-शिंदे गठबंधन ने 118 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है।
- बीजेपी: 89 सीटें
- शिवसेना (एकनाथ शिंदे): 29 सीटें
- बहुमत का आंकड़ा: 114
केरल से बंगाल तक ‘कमल’ की धमक पीएम मोदी ने केवल महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि दक्षिण भारत का भी उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भी पहली बार बीजेपी का मेयर बना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जहाँ कभी बीजेपी की जीत असंभव मानी जाती थी, वहां अब जनता ‘सुशासन’ को गले लगा रही है।
ममता सरकार पर सीधा प्रहार: वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने सीधे ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा:
“बंगाल के लोगों का भला तभी होगा, जब यहाँ रुकावट डालने वाली टीएमसी सरकार नहीं, बल्कि विकास वाली बीजेपी सरकार होगी। बिहार जीत के बाद मैंने कहा था कि मां गंगा के आशीर्वाद से बंगाल में विकास की गंगा बहेगी, और बीजेपी यह वादा पूरा करके रहेगी।”
बीएमसी में शिवसेना (यूबीटी) के दशकों पुराने किले को ढहाने के बाद बीजेपी का मनोबल सातवें आसमान पर है। पीएम मोदी के इस संबोधन ने स्पष्ट कर दिया है कि बीजेपी अब बंगाल चुनाव को ‘सुशासन बनाम कुशासन’ की लड़ाई बनाने जा रही है।











