सीयर ब्लाक का एक गाँव जहाँ पानी की निकासी न होने से नरकीय स्थिति है कायम

उमेश गुप्ता
बिल्थरा रोड (बलिया): सीयर ब्लॉक के ग्राम सभा कुशहा भाड़ में नाले के पानी की समुचित निकासी न होने से ग्रामीणों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। ग्राम पंचायत का गंदा पानी मुख्य सड़क किनारे बने गड्ढे में जमा हो रहा है, जिससे न केवल आने वाले समय में दिक्कतें उत्पन्न हो रही हैं, बल्कि गंभीर स्वास्थ्य संकट भी मंडराने लगा है।

पूरे ग्राम पंचायत क्षेत्र में नाले के लिए किसी भी प्रकार का उचित आउटलेट न होने से बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति और भयावह हो सकती है। गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने, संक्रामक बीमारियों के फैलने और ग्रामीणों के दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से मांग की है कि शीघ्र हस्तक्षेप करते हुए नाले की पक्की निकासी अथवा स्थायी नाला निर्माण की व्यवस्था कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े स्वास्थ्य या जनहित संकट से बचा जा सके।











