ड्यूटी पर जा रहे दो पुलिसकर्मी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल; ई-रिक्शा के अचानक मुड़ने से बिगड़ा संतुलन, हेलमेट न होने से होमगार्ड की हालत नाजुक
बलिया: बिल्थरारोड में ड्यूटी पर जा रहे दीवान और होमगार्ड सड़क हादसे का शिकार। ई-रिक्शा को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित। हेलमेट न होने से होमगार्ड के सिर में आई गंभीर चोट, जिला अस्पताल रेफर।

उमेश गुप्ता
बिल्थरारोड (बलिया): उभांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। थाने की ड्यूटी पर जा रहे दो पुलिसकर्मी उस समय गंभीर रूप से घायल हो गए, जब उनकी बाइक के सामने अचानक एक ई-रिक्शा आ गया। हादसे में घायल होमगार्ड की स्थिति सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चिंताजनक बनी हुई है।

हेलमेट की कमी पड़ी भारी प्रत्यक्षदर्शियों और विभागीय सूत्रों के अनुसार, हादसे के वक्त होमगार्ड रमेश राम ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिसके कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, दीवान जनार्दन के हाथ और पैर में फ्रैक्चर होने की सूचना है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सीयर पहुंचाया।
जिला अस्पताल रेफर, जांच शुरू सीयर अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही उभांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी ई-रिक्शा चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की कानूनी विवेचना जारी है।










